दोस्त ने सिगरेट पीने से रोका, तो पेट्रोल पंप पर लगा दी आग (Image- Social Media)
Youth Sets Bike on Fire at Raipur Petrol Pump: रायपुर के बीरगांव स्थित संगीता पेट्रोल पंप में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल भरवाने आए एक युवक ने लाइटर से आग लगा दी। अचानक उठीं लपटों से वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। हालांकि, कर्मचारियों की सूझबूझ और तेजी से की गई कार्रवाई के कारण आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक 17 फरवरी की शाम करीब सात बजे दो युवक बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और सिगरेट जलाने लगा। उसके साथी ने उसे पेट्रोल पंप परिसर में सिगरेट न जलाने की सलाह दी।
📍Raipur, Chhattisgarh: After being stopped from smoking near a petrol pump, a man set his friend’s bike on fire during refuelling, triggering a major blaze at the station. Alert staff quickly controlled the fire, preventing a big disaster. Two accused arrested; entire incident… pic.twitter.com/1ApAjiEXiH — Deadly Kalesh (@Deadlykalesh) February 19, 2026
बताया जा रहा है कि इसी बात पर नाराज होकर युवक ने हाथ में मौजूद लाइटर से पेट्रोल के पास आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटें उठीं और मौके पर मौजूद कर्मचारी व ग्राहक घबरा गए।
पेट्रोल भर रहा कर्मचारी तुरंत मशीन छोड़कर पीछे हट गया। आग की चिंगारी आरोपी युवक पर भी गिरी, जिससे वह घबराकर वहां से भाग निकला। कर्मचारियों ने तत्काल अग्निशामक यंत्र का उपयोग किया और कुछ ही मिनटों में आग बुझा दी। यदि थोड़ी भी देर होती तो आग मशीन या भूमिगत टैंक तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा विस्फोट और भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।
यह भी पढ़ें- मंदिर में तोड़फोड़ के बाद जबलपुर में भड़की हिंसा, दो गुटों के बीच पथराव और झड़प के बाद बवाल, पुलिस फोर्स तैनात
घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए थे। लेकिन वीडियो वायरल होने पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की और इमरान कुरैशी सहित दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।