1 मिनट की देरी और छूट गई वंदे भारत एक्सप्रेस, वायरल वीडियो ने सिखाया समय की कीमत का सबक
Vande Bharat Express Viral Video प्लेटफॉर्म पर लेट पहुंचे एक यात्री को वंदे भारत एक्सप्रेस में चढ़ने नहीं दिया। ऑटोमैटिक दरवाजे बंद होने के बाद लोको पायलट ने नियमों का हवाला देकर मदद से इनकार दिया।
Train Missed Viral Video : वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी समयबद्धता के लिए जानी जाती है। यही वजह है कि अगर कोई यात्री थोड़ी भी देर से प्लेटफॉर्म पर पहुंचता है, तो ट्रेन छूटने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक यात्री लेट पहुंचने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस का दरवाजा खुलवाने की कोशिश करता नजर आता है। वीडियो में दिखता है कि ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद हो चुके हैं और यात्री गार्ड व लोको पायलट कोच के पास जाकर बार-बार रिक्वेस्ट करता है।
रेलवे कर्मचारी ने नियमों का हवाला देते हुए दरवाजा खोलने से मना किया
वीडियो के मुताबिक, ड्यूटी पर मौजूद रेलवे कर्मचारी नियमों का हवाला देते हुए दरवाजा खोलने से मना कर देते हैं। कर्मचारी साफ कहते हैं कि ट्रेन ऑन टाइम है और किसी एक यात्री के लिए उसे रोका नहीं जा सकता।
इस दौरान वीडियो बना रहा शख्स लाइव कमेंट्री करता हुआ पूरी घटना दिखाता है और बताता है कि कैसे कुछ सेकंड की देरी के कारण यात्री ट्रेन में चढ़ नहीं पाया। कुछ ही पलों में वंदे भारत एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म से रवाना हो जाती है और यात्री मायूस होकर खड़ा रह जाता है।
कई यूजर्स ने इसे समय की कीमत समझाने वाला सबक बताया
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने इसे समय की कीमत समझाने वाला सबक बताया, जबकि कुछ ने कहा कि गार्ड को थोड़ी मदद करनी चाहिए थी। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि टीडीआर (TDR) फाइल करने पर टिकट का पैसा वापस मिल सकता है।
इस घटना के बाद यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों के लिए समय से पहले स्टेशन पहुंचें, कोच और सीट नंबर पहले ही चेक कर लें और दरवाजे बंद होने से पहले बोर्डिंग पूरी कर लें, ताकि 1 मिनट की देरी भारी न पड़े।