हमने क्या गलत किया? मां-बाप को खो चुके बच्चे की पुकार, VIDEO देख फट जाएगा कलेजा

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के घोलतीर क्षेत्र में गुरुवार को तीर्थयात्रियों से भरी 31 सीटों वाली एक बस के अलकनंदा नदी में गिर जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई।
हमने क्या गलत किया? मां-बाप को खो चुके बच्चे की पुकार, VIDEO देख फट जाएगा कलेजा
उत्तराखंड बस हादसा
Published on: 
Updated on: 

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में गुरुवार को हुए एक भीषण बस हादसे के बाद, एक 10 वर्षीय लड़के का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। जिसमें वो सड़क किनारे रोता हुआ और अपने माता-पिता को खोने के बाद भगवान बद्रीनाथ से प्रार्थना करता हुआ दिखाई दे रहा है।

बता दें कि उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के घोलतीर इलाके में तीर्थयात्रियों से भरी 31 सीटों वाली बस के अलकनंदा नदी में गिर जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। तीन मृत यात्रियों का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया, वहीं एक अन्य लापता तीर्थयात्री का शव शुक्रवार को बरामद किया गया।

आठ लोग अभी भी लापता

पुलिस ने बताया कि, कम से कम आठ लोग अभी भी लापता हैं और बचाव अभियान चल रहा है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, एक जिला टीम तथा दमकल कर्मियों सहित छह टीमें लगातार लापता लोगों की तलाश कर रही हैं।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पार्थ सोनी नाम का लड़का मध्य प्रदेश के राजगढ़ निवासी 42 वर्षीय विशाल सोनी और 41 वर्षीय गौरी सोनी का पुत्र था और दुर्घटना में अपने परिवार का एकमात्र जीवित बचा सदस्य था।

देखें वीडियो

जब बचाव अभियान के लिए टीम पहुंची तो वह चिल्लाने लगा और वीडियो में उसे कहते हुए सुना जा सकता है कि "ओह बद्री-विशाल, आपने क्या किया? हमने क्या गलत किया? हम तो आपके भक्त थे!"

बता दें कि पार्थ अपने माता-पिता के साथ चार धाम यात्रा के लिए उत्तराखंड गया था और दुर्घटना के समय वो अपनी मां के बगल में बैठा था। उसके चाचा नीलेश सोनी ने बताया कि वो इस हादसे के बाद से सदमे में है।

विशाल और गौरी के शव को शुक्रवार को परिवार को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार के लिए शनिवार तक राजगढ़ पहुंचेंगे।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि अन्य लापता तीर्थयात्रियों को बचाने की उम्मीदें भी धूमिल होती जा रही हैं, क्योंकि तेज़ बहाव और कीचड़ भरे पानी की वजह से ज़्यादा कुछ दिखाई नहीं दे रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com