साउथ दिल्ली में फुटपाथ पर बच्चों को पढ़ाते शख्स का वीडियो वायरल, बिना दिखावे की ‘नेकी’ ने जीता दिल

South Delhi Viral Video : साउथ दिल्ली के शेख सराय में एक शख्स का फुटपाथ पर बेघर बच्चों को पढ़ाते हुए वीडियो वायरल हुआ, जिसने बिना दिखावे की इंसानियत की मिसाल पेश की।
A man teaching homeless children on a South Delhi footpath goes viral, earning praise for true selfless humanity.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Teaching Children : सोशल मीडिया के दौर में जहां कई लोग मदद से ज्यादा उसका वीडियो बनाने पर ध्यान देते हैं, वहीं साउथ दिल्ली से एक ऐसा दृश्य सामने आया है जिसने लोगों का दिल छू लिया।

यह वीडियो शेख सराय इलाके का बताया जा रहा है, जहां रात के समय सड़क किनारे एक शख्स कुछ बेघर और जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाते नजर आ रहा है। आसपास गाड़ियों की आवाजाही है, लोग अपने काम में व्यस्त हैं, लेकिन उस शख्स का ध्यान सिर्फ बच्चों की पढ़ाई पर है।

सड़क किनारे गरीब बच्चों को पढ़ाते दिखा शख्स

यह वीडियो ‘अपराजिते’ नाम के एक्स यूजर ने शेयर किया, जिसे मूल रूप से अंशु कुमार ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो में दिखता है कि फुटपाथ पर बैठे एक व्यक्ति की गोद में किताब खुली है और उसके पास एक छोटी बच्ची बैठी ध्यान से पढ़ रही है। कुछ और बच्चे उसके आसपास खड़े होकर सीखने की कोशिश कर रहे हैं।

खास बात यह है कि वह शख्स किसी कैमरे की तरफ नहीं देख रहा, न ही कोई प्रचार कर रहा है। वह पूरी शांति से बच्चों को समझा रहा है। पोस्ट के साथ लिखा गया, “फेक इन्फ्लुएंसर्स की दुनिया में एक असली इंसान।” कैप्शन में यह भी कहा गया कि यह काम शोहरत या तालियों के लिए नहीं, बल्कि इंसानियत के लिए है।

लोगों ने अज्ञात हीरो की जमकर तारीफ की

यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया है और इंटरनेट पर लोग इस अज्ञात हीरो की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा कि ऐसे लोग ही समाज को बेहतर बनाते हैं।

एक कमेंट में कहा गया कि अगर हर व्यक्ति अपने दिन का थोड़ा समय भी ऐसे बच्चों को दे दे, तो बड़ा बदलाव आ सकता है। जहां एक ओर लोग मदद के नाम पर दिखावा करते हैं, वहीं यह शख्स बिना शोर-शराबे के अपना काम कर रहा है। यही सच्ची समाज सेवा और इंसानियत की असली पहचान है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com