

Air Show Viral Video : अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित पेन्साकोला बीच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में यूएस नेवी की मशहूर ब्लू एंजल्स टीम का एक फाइटर जेट बेहद कम ऊंचाई पर बीच के ऊपर से उड़ता नजर आता है। उस समय बीच पर बड़ी संख्या में लोग धूप का आनंद ले रहे थे।
जैसे ही F/A-18 सुपर हॉर्नेट तेज रफ्तार से ऊपर से गुजरता है, उसके जेट ब्लास्ट से इतनी तेज हवा बनती है कि बीच पर लगे टेंट, छतरियां, कुर्सियां और अन्य सामान हवा में उड़ने लगते हैं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग अपने सामान को बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई देते हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना पेन्साकोला बीच एयर शो से पहले आयोजित "ब्रेकफास्ट विद द ब्लूज" कार्यक्रम के दौरान हुई। इस इवेंट में यूएस नेवी के प्रसिद्ध फ्लाइट डेमोंस्ट्रेशन स्क्वाड्रन ब्लू एंजल्स की उड़ान देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे।
वायरल वीडियो में फाइटर जेट की रफ्तार और उसकी गड़गड़ाहट साफ सुनाई देती है। वहीं तेज हवा के कारण बीच पर रखा सामान बिखर जाता है, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन जाता है। घटना के बाद ब्लू एंजल्स की लीडरशिप ने उड़ान से जुड़ी परिस्थितियों और सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स ने इसे रोमांचक अनुभव बताते हुए अमेरिकी नौसेना के पायलटों की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, "अमेरिका के पास दुनिया के बेहतरीन फाइटर पायलट हैं, इसलिए यह पूरी तरह सुरक्षित रहा।"
वहीं कुछ लोगों ने इतनी कम ऊंचाई पर उड़ान भरने को लेकर सवाल भी उठाए और इसे दर्शकों के लिए जोखिम भरा बताया। फिलहाल यह वायरल वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं।