

Cleanliness Awareness : सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने एक बार फिर सिविक सेंस और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो किसी रेलवे प्लेटफॉर्म का बताया जा रहा है, जहां एक ट्रेन खड़ी है। वीडियो में एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर केला खाता नजर आता है।
केला खत्म करने के बाद वह उसका छिलका पास में मौजूद डस्टबिन में डालने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पर फेंक देता है। यह देखकर वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति उसे रोकता है और समझाने की कोशिश करता है कि सार्वजनिक जगहों पर इस तरह कचरा फेंकना गलत है।
शुरुआत में केला खाने वाला व्यक्ति समझाने वाले की बात को नजरअंदाज करता दिखाई देता है और इशारों में यह जताता है कि उसे यह बात बेवजह लग रही है। इसके बाद वह दूसरा केला भी खाने लगता है और उसका छिलका भी पटरी पर फेंकने की तैयारी करता है।
तभी सामने वाला व्यक्ति फिर से उसे रोकते हुए कहता है कि "ऐसा अनपढ़ लोग करते हैं।" यह बात सुनने के बाद व्यक्ति रुक जाता है और इस बार छिलका उठाकर डस्टबिन में डाल देता है। वीडियो को कई लोग जागरूकता फैलाने वाला बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों की सफाई बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
यह वायरल वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, "हां, यह ट्रेन मेरी संपत्ति है और यह हमारी संपत्ति है- सार्वजनिक संपत्ति।" खबर लिखे जाने तक वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं और इस पर कई प्रतिक्रियाएं भी आई हैं।
एक यूजर ने लिखा, "पता नहीं लोग कब सिविक सेंस सीखेंगे।" दूसरे ने कहा, "ऐसे लोगों की वजह से सार्वजनिक परिवहन की छवि खराब होती है।" वहीं कई यूजर्स ने साफ-सफाई को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।