‘धक्के देकर घर से निकाला’, रोती हुई Urban Company कर्मचारी का वीडियो वायरल, ग्राहक पर लगाए गंभीर आरोप
Urban Company Employee : घर-घर जाकर ब्यूटी सर्विस देने वाली एक अर्बन कंपनी कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि एक ग्राहक ने मामूली बात पर उसे घर से धक्के देकर निकाल दिया और किए गए काम के पैसे भी नहीं दिए।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Customer Misbehaviour : घर-घर जाकर ब्यूटी और पर्सनल केयर सेवाएं देने वाली महिलाओं का काम जितना आसान दिखाई देता है, हकीकत में उतना ही चुनौतीपूर्ण होता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक अर्बन कंपनी (Urban Company) कर्मचारी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह रोते हुए अपने साथ हुई कथित बदसलूकी की कहानी सुनाती नजर आती है।
महिला का दावा है कि एक ग्राहक ने मामूली बात पर न केवल उसकी बेइज्जती की, बल्कि उसे घर से धक्के देकर बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, उसने यह भी आरोप लगाया कि पहले से दी गई सेवाओं का भुगतान भी उसे नहीं किया गया।
अर्बन कंपनी की कर्मचारी से ग्राहक ने की बदसलूकी
वायरल वीडियो में महिला बताती है कि उसने ग्राहक को आईब्रो और वैक्सिंग की सेवा दे दी थी। इसके बाद पेडीक्योर की बारी आई। महिला के अनुसार, उसने ग्राहक को पहले ही बता दिया था कि पेडीक्योर के लिए इस्तेमाल होने वाला टब पूरी तरह ठीक नहीं है। उसमें बबल्स नहीं बनते, लेकिन पानी गर्म करने का काम सही तरीके से करता है।
महिला का कहना है कि ग्राहक इस बात पर सहमत हो गई थी और सेवा जारी रखने में कोई आपत्ति नहीं जताई थी। हालांकि बाद में ग्राहक ने कंपनी में शिकायत कर दी, जिसके बाद अचानक उसका व्यवहार बदल गया और उसने आगे की सेवा लेने से इनकार कर दिया।
ये खबर भी पढ़ें : गुरुग्राम रोड रेज में युवक के चेहरे में घुसा कांच, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
कई लोग कर्मचारी के समर्थन में सामने आए
महिला ने आरोप लगाया कि ग्राहक ने उसे घर से बाहर जाने के लिए कहा और पहले से की गई सेवाओं का भुगतान भी नहीं किया। वायरल वीडियो में वह यह भी बताती है कि घटना के बाद उसने करीब आधे घंटे तक कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे केवल ऑटोमेटेड या AI आधारित कॉल रिस्पॉन्स ही मिले।
इस घटना के बाद महिला ने एक और वीडियो साझा कर बताया कि कंपनी ने उसे अपने कार्यालय बुलाया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल सोशल मीडिया पर यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग कर्मचारी के समर्थन में सामने आए हैं, जबकि कुछ लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
