गुरुग्राम रोड रेज में युवक के चेहरे में घुसा कांच, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

Road Rage Viral Video : गुरुग्राम में रोड रेज का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कथित तौर पर एक कार चालक का रास्ता रोककर हमला कर दिया, जिससे शीशा टूटकर उसके चेहरे में घुसा।
Two Scorpio occupants were arrested after allegedly attacking a car driver in a Gurugram road rage incident that left him injured.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Gurugram Road Rage : हरियाणा के गुरुग्राम से रोड रेज की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक घायल युवक अपने चेहरे पर लगी गंभीर चोट दिखाते हुए पूरी घटना की जानकारी देता नजर आता है।

पीड़ित के अनुसार, वह सोहना रोड से राजीव चौक की ओर जा रहा था, तभी स्कॉर्पियो सवार दो युवक बेहद लापरवाही से जिगजैग तरीके से वाहन चला रहे थे। उनकी ड्राइविंग के कारण कई बार दुर्घटना होने की स्थिति बन गई। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया और आरोपियों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार चालक पर हमला किया

पीड़ित का आरोप है कि कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने उसकी कार का रास्ता रोक लिया और उसके साथ अभद्रता करने लगे। किसी तरह वह वहां से निकल गया, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे। राजीव चौक के पास पहुंचकर उन्होंने दोबारा उसकी गाड़ी के आगे अपनी स्कॉर्पियो लगा दी।

इसके बाद दोनों युवक वाहन से उतरे और डंडों से उसकी कार पर हमला कर दिया। इस दौरान एक डंडा चालक के कंधे पर लगा और कार का शीशा टूट गया। टूटे हुए शीशे के टुकड़े सीधे उसके चेहरे में जा घुसे, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके पर गाली-गलौज भी की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया

घटना के बाद घायल युवक ने पूरी आपबीती का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वायरल वीडियो में वह चेहरे पर लगी चोट दिखाते हुए इंसाफ की मांग करता नजर आता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा आरोपियों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्हें हिरासत में देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर लोग पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि सड़क पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी सजा जरूरी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com