सिर्फ 10 रुपये में भरपेट लंच! सिक्योरिटी गार्ड ने दिखाई कंपनी की थाली, वीडियो हुआ वायरल
Rs 10 Lunch Company Meal : एक सिक्योरिटी गार्ड ने सोशल मीडिया पर अपनी कंपनी से मिलने वाला सिर्फ 10 रुपये का लंच दिखाया। स्वादिष्ट और भरपेट थाली देखकर लोग हैरान रह गए और वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
- Written By: हितेश तिवारी
वारल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Security Guard Viral Video : सोशल मीडिया पर अक्सर महंगे खाने, लग्जरी रेस्तरां और फूड ब्लॉगिंग से जुड़े वीडियो वायरल होते रहते हैं। लेकिन इस बार एक बेहद साधारण और दिल छू लेने वाला वीडियो इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस वीडियो में एक सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी कंपनी की ओर से मिलने वाला लंच दिखाया, जिसकी कीमत सिर्फ 10 रुपये है। कम कीमत में मिलने वाली इस भरपेट थाली ने हजारों लोगों को हैरान कर दिया और वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
कंपनी में सिर्फ 10 रुपये में भरपेट लंच
वायरल वीडियो को सिक्योरिटी गार्ड आनंद कुमार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में वह बिना किसी दिखावे के अपना लंच बॉक्स खोलते हैं और उसमें मौजूद सभी चीजें एक-एक करके दिखाते हैं। थाली में सबसे पहले पापड़ नजर आता है।
इसके बाद करेला भुर्जी, सोयाबीन की सब्जी, भरपूर मात्रा में चावल, दाल और साथ में प्याज का एक टुकड़ा भी दिखाई देता है। सबसे ज्यादा लोगों को जिस बात ने प्रभावित किया, वह यह थी कि आनंद कुमार ने बताया कि यह पूरा भोजन उन्हें उनकी कंपनी की ओर से सिर्फ 10 रुपये में उपलब्ध कराया जाता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर यह साधारण सा वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच गया।
ये खबर भी पढ़ें : कैफे जैसा खाना बनाने पर पति देता है 1000 रुपये! वायरल वीडियो के बाद महिला ने बताई असली वजह
कर्मचारियों की भलाई का अच्छा उदाहरण
वीडियो को इंस्टाग्राम पर अब तक 2.85 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। कमेंट सेक्शन में लोग कंपनी की पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि आज के समय में जहां एक सामान्य लंच पर सैकड़ों रुपये खर्च हो जाते हैं, वहां सिर्फ 10 रुपये में इतना पौष्टिक और घर जैसा खाना मिलना वाकई सराहनीय है।
कुछ लोगों ने लिखा कि ऐसी सुविधाएं कर्मचारियों के प्रति कंपनी की जिम्मेदारी और सम्मान को भी दर्शाती हैं। वीडियो की सबसे खास बात इसकी सादगी है। इसमें न कोई खास एडिटिंग है और न ही किसी तरह का दिखावा। आनंद कुमार जिस सच्चे मन से अपने खाने की तारीफ करते हैं, वही लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है।
कई यूजर्स ने कहा कि यह वीडियो याद दिलाता है कि स्वादिष्ट और संतोषजनक भोजन हमेशा महंगा होना जरूरी नहीं होता। वहीं कुछ लोगों ने इसे कर्मचारियों की भलाई का अच्छा उदाहरण बताया। कुल मिलाकर यह वायरल वीडियो सिर्फ 10 रुपये की थाली नहीं, बल्कि मेहनतकश लोगों के प्रति सम्मान, सादगी और संतोष का संदेश भी देता है।
