

Food Creator Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों गुरुग्राम की एक फूड कंटेंट क्रिएटर का वीडियो काफी चर्चा में है। इस वीडियो में उन्होंने बताया था कि जब भी वह घर पर कैफे जैसा खास खाना बनाती हैं, तो उनके पति उन्हें 1000 रुपये ट्रांसफर करते हैं।
यह वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इस आइडिया की तारीफ की, जबकि कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या पत्नी को खाना बनाने के लिए पैसे लेना चाहिए। अब इस विवाद के बीच महिला ने खुद सामने आकर पूरे मामले की असली वजह बताई है।
महिला का नाम प्रिया है, जो मूल रूप से चंडीगढ़ की रहने वाली हैं। उन्होंने फैशन डिजाइन की पढ़ाई की थी और करीब पांच साल तक अपना कपड़ों का ब्रांड भी चलाया। साल 2023 में शादी के बाद वह गुरुग्राम आ गईं और अब फूड कंटेंट क्रिएटर के तौर पर काम कर रही हैं।
प्रिया ने बताया कि उनके पति हर बार 1000 रुपये इसलिए नहीं देते क्योंकि वह खाना "खरीद" रहे हैं, बल्कि यह उनकी मेहनत, समय और रचनात्मकता की सराहना करने का एक तरीका है।
उन्होंने कहा कि लोग अक्सर खाना बनाने में लगने वाली तैयारी, योजना और मेहनत को सामान्य काम मान लेते हैं, जबकि इसमें काफी समय और मेहनत लगती है। उनके मुताबिक यह पूरी तरह एक प्रतीकात्मक कदम है, न कि पति-पत्नी के रिश्ते को पैसों से जोड़ने का तरीका।
वायरल वीडियो में प्रिया ने बताया कि यह आइडिया एक दिन पति-पत्नी के बीच घरेलू जिम्मेदारियों को बराबर बांटने की बातचीत के दौरान आया था। मजाक में उन्होंने कहा कि अगर वह घर पर कैफे जैसा खाना बना रही हैं तो उसकी भी कुछ कीमत होनी चाहिए।
इस पर उनके पति, जो पेशे से आर्किटेक्ट हैं और अपनी डिजाइन फर्म चलाते हैं, ने कहा कि अगर वही खाना किसी कैफे में खाते तो आसानी से 1000 रुपये खर्च हो जाते, इसलिए वह यह रकम उन्हें देना पसंद करेंगे। धीरे-धीरे यह मजाक एक नियमित परंपरा बन गया।
प्रिया के अनुसार, उन्हें हर महीने इस तरह 15 से 20 हजार रुपये तक मिल जाते हैं। उनका कहना है कि इससे परिवार का पैसा भी घर में ही रहता है, बाहर खाने का खर्च बचता है और सभी को स्वादिष्ट व घर का बना स्वस्थ भोजन भी मिल जाता है। यही वजह है कि उनका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।