

Octopus Viral Video : समुद्र की गहराइयों में रहने वाले जीव अक्सर इंसानों के लिए हैरानी और डर का कारण बन जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक ऑक्टोपस अचानक एक मछुआरे के चेहरे से बुरी तरह चिपक जाता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑक्टोपस अपने आठों हाथों से मछुआरे के चेहरे को जकड़ लेता है।
मछुआरा उसे हटाने की लगातार कोशिश करता है, लेकिन ऑक्टोपस के टेंटेकल्स इतनी मजबूती से चिपके रहते हैं कि उन्हें अलग करना आसान नहीं होता। कुछ पलों के लिए स्थिति बेहद डरावनी नजर आती है और ऐसा लगता है कि मछुआरे के लिए ऑक्टोपस से खुद को छुड़ाना मुश्किल हो जाएगा। इस दौरान कोई व्यक्ति पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड करता नजर आता है। सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद वीडियो को देखकर कई यूजर्स हैरान रह गए हैं।
वीडियो को डेली मेल के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया है। इसमें मछुआरे के चेहरे पर चिपके ऑक्टोपस को साफ देखा जा सकता है। मछुआरा अपने चेहरे से उसके हाथ हटाने की कोशिश करता है, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उसे सफलता नहीं मिलती। ऑक्टोपस के सक्शन कप जैसे हिस्से चेहरे पर मजबूती से चिपके हुए दिखाई देते हैं।
काफी कोशिश के बाद मछुआरा किसी तरह एक डंडा अपने हाथ में लेता है और उसकी मदद से ऑक्टोपस को हटाने की कोशिश करता है। इसके बाद धीरे-धीरे उसके कुछ हाथ चेहरे से अलग होते हैं। आखिर में मछुआरा ऑक्टोपस को पानी में वापस डाल देता है। इस पूरी घटना ने सोशल मीडिया यूजर्स को हैरान कर दिया है।
ऑक्टोपस के आठ हाथ होते हैं और इनका इस्तेमाल वह चलने, चीजों को पकड़ने और अपने आसपास की चीजों को महसूस करने के लिए करता है। उसके तंत्रिका तंत्र का बड़ा हिस्सा उसके हाथों में मौजूद होता है, जिसके कारण उसके हाथ काफी स्वतंत्र रूप से प्रतिक्रिया कर सकते हैं। वीडियो में भी यही ताकत दिखाई देती है, जब ऑक्टोपस मछुआरे के चेहरे से आसानी से अलग नहीं होता।
वीडियो देखने के बाद एक यूजर ने इसे अपना ‘नया डर’ बताया, जबकि दूसरे ने मछुआरे के बचाव के तरीके की तारीफ की। कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि जब मछुआरा ऑक्टोपस से जूझ रहा था, तब इस घटना को रिकॉर्ड कौन कर रहा था। वायरल वीडियो ने समुद्री जीवों और उनकी ताकत को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है।