दिल्ली की जलमग्न सड़क पर बुजुर्ग महिला की मदद को रुका बाइक सवार, वीडियो देख लोग बोले- दिल जीत लिया

Delhi Waterlogging : दिल्ली में बारिश के बाद जलमग्न सड़क पर पैदल चल रही बुजुर्ग महिला की मदद के लिए एक बाइक सवार रुक गया। उसने महिला को बाइक पर बैठाकर पानी से भरी सड़क पार कराई।
A biker won hearts online after helping an elderly woman cross a waterlogged road in rainy Delhi.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट(सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Biker Helps Elderly Woman : दिल्ली में बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी बीच जलमग्न सड़क पर इंसानियत की मिसाल पेश करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक बुजुर्ग महिला पानी से भरी सड़क पर धीरे-धीरे पैदल चलती नजर आ रही हैं।

तभी एक बाइक सवार की नजर उन पर पड़ती है और वह तुरंत अपनी बाइक रोककर उनकी मदद करने का फैसला करता है। वह महिला को बाइक पर पीछे बैठाता है और उन्हें पानी से भरे रास्ते को पार कर सुरक्षित जगह तक पहुंचाता है। इस पूरे घटनाक्रम को रोहित चौधरी ने कैमरे में रिकॉर्ड किया था, जो महिला के पीछे अपनी कार से चल रहे थे।

बुजुर्ग महिला की मदद को रुका बाइक सवार

वीडियो को इंस्टाग्राम पर @rohit.choudhhary हैंडल से शेयर किया गया है। इसमें देखा जा सकता है कि बाइक सवार महिला के पास रुकता है और उन्हें बाइक पर बैठने में मदद करता है। इसके बाद वह सावधानी से पानी भरी सड़क से बाइक निकालते हुए महिला को आगे ले जाता है। वीडियो रिकॉर्ड कर रहे शख्स ने बताया कि बुजुर्ग महिला काफी दूर से पानी के बीच पैदल चल रही थीं।

वह अपनी कार से उनके पीछे धीरे-धीरे चल रहा था और कोशिश कर रहा था कि कोई दूसरा वाहन तेज गति से गुजरकर महिला पर पानी न उछाले। उसने बताया कि कार में पहले से चार लोग मौजूद थे, इसलिए वह महिला को अपनी कार में नहीं बैठा सकता था। ऐसे में बाइक सवार को उनकी मदद करते देखकर उसे काफी खुशी हुई।

यह इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल

सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आने के बाद लोग बाइक सवार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने उसके इस कदम को इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल बताया। एक यूजर ने लिखा कि ऐसे लोगों के लिए बहुत सम्मान है। वहीं, दूसरे यूजर ने इसे बेहद दिल छू लेने वाला पल बताया।

बारिश के दौरान दिल्ली की सड़कों पर जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ जाती है और ऐसे समय में किसी जरूरतमंद की मदद करना काफी मायने रखता है। वीडियो ने एक बार फिर दिखाया कि मुश्किल हालात में छोटी सी मदद भी किसी के लिए बहुत बड़ी राहत बन सकती है।

A biker won hearts online after helping an elderly woman cross a waterlogged road in rainy Delhi.
ठाणे के क्लासरूम में ड्रग्स लेते छात्र का VIDEO वायरल, उपमुख्यमंत्री के जिले में ऐसी घटना देख भड़के लोग
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com