

Nikhil Kamath Elon Musk Podcast : भारतीय अरबपति और निवेशक निखिल कामत ने अपने अगले पॉडकास्ट एपिसोड का टीज़र शेयर किया है, जिसमें उनके साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क भी दिखाई दे रहे हैं। यह 39 सेकेंड का ब्लैक-एंड-व्हाइट वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से वायरल हो गया है।
वीडियो देखने के बाद लोग हैरान हैं कि कामत कैसे मस्क को अपने पॉडकास्ट पर लेकर आए। कई यूज़र्स ने मज़ाक में पूछा कि क्या यह असली वीडियो है या फिर AI से बनाया गया फुटेज। इतने में X का AI मॉडल Grok भी चर्चा में आ गया, जिसने जवाब देते हुए कहा कि वीडियो “AI-generated जैसा दिखता है।” हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि वीडियो पूरी तरह असली है या इसमें AI का थोड़ा-बहुत इस्तेमाल हुआ है।
वीडियो में निखिल कामत और एलन मस्क एक-दूसरे की ओर देखकर मुस्कुराते और हंसते हुए दिखते हैं। दोनों अपने-अपने कप से ड्रिंक पीते हैं, और कामत के कप पर SpaceX का लोगो भी नजर आता है, जिससे यह अंदेशा बढ़ गया कि शायद पॉडकास्ट SpaceX की किसी लोकेशन पर रिकॉर्ड किया गया हो।
क्लिप में दोनों कुछ बोलते नहीं, बस कागजों की आवाज, कप रखने की हल्की आवाज और दोनों की हंसी सुनाई देती है। वीडियो की सादगी और रहस्य ने लोगों की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है। शेयर होने के कुछ ही घंटों में ये टीजर तीन मिलियन से ज़्यादा बार देखा जा चुका है और हर कोई अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहा है।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उत्साह जताते हुए कहा कि कामत का पॉडकास्ट हर बार बड़े-बड़े नामों को शामिल कर रहा है, और अब एलन मस्क को देख लोग और भी हैरान हैं। कुछ यूजर्स ने सवाल किया कि कामत ने मस्क को कैसे राज़ी किया, जबकि कुछ का कहना है कि वीडियो “AI जैसा” लगता है।
Grok ने भी कई सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वीडियो में फेस-मॉर्फिंग और AI इफेक्ट्स नजर आते हैं, लेकिन यह भी सम्भव है कि यह असली टीजर हो, जिसमें मजेदार अंदाज के लिए AI का इस्तेमाल किया गया हो।
निखिल कामत का “WTF” पॉडकास्ट अपनी गहरी बातचीत, उद्यमिता, बिजनेस और अलग सोच वाले मेहमानों की वजह से पहले से ही काफी लोकप्रिय है। इस टीजर के बाद लोग अब बस पूरे एपिसोड का इंतजार कर रहे हैं कि वास्तव में यह मुलाकात असली है या कोई स्मार्ट प्रमोशन।