

MNS Workers Viral Video: महाराष्ट्र में हिंदी भाषी शख्स के साथ मारपीट का एक और मामला सामने आया है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई के वाशी में यह गुंडागर्दी की है। कार्यकर्ताओं ने रमेश शुक्ला नामक व्यक्ति को दफ्तर में बुलाकर कई थप्पड़ मारे।
महाराष्ट्र में हिंदी भाषी शख्स के साथ मारपीट का एक बार फिर से मामला सामने आया है। यह घटना नवी मुंबई के वाशी इलाके की है, जहां राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने एक हिंदी भाषी शख्स को पीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मनसे कार्यकर्ताओं की इस गुंडागर्दी का शिकार बने शख्स का नाम रमेश शुक्ला बताया गया है। मनसे सहकार सेना के बालासाहेब शिंदे ने रमेश शुक्ला को अपने कार्यालय में बुलाया था।
मनसे (MNS) कार्यकर्ताओं ने रमेश शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का दावा है कि रमेश शुक्ला ने एक मराठी महिला सहकर्मी के साथ दुर्व्यवहार किया था। मनसे के अनुसार, रमेश शुक्ला ने पैसे के लिए अपनी महिला सहकर्मी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और दफ्तर में भी दुर्व्यवहार किया था।
वायरल हो रहे वीडियो में मनसे कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी साफ तौर पर दिखाई दे रही है। वे रमेश शुक्ला को अपने दफ्तर में बुलाते हैं और फिर उसके साथ मारपीट करते हैं। उन्हें बार-बार थप्पड़ मारे गए। जानकारी के अनुसार, बालासाहेब शिंदे ने महिला सहकर्मी से भी रमेश शुक्ला की पिटाई करवाई थी।
कार्यकर्ताओं ने रमेश शुक्ला को पीटने के बाद उनसे माफी मंगवाई। इसके अलावा, उनसे माफीनामा भी ले लिया गया था। इस घटना के सामने आने के बाद मनसे ने एक सख्त चेतावनी जारी की है।
मनसे कार्यकर्ताओं ने कहा है कि महाराष्ट्र में रहते हुए मराठी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने यह स्पष्ट किया कि कोई भी हो, महाराष्ट्र में सभी को महिलाओं का सम्मान करना ही पड़ेगा। यह घटना रविवार 16 नवंबर को सामने आई है।