

Indian Hospitality Story : सोशल मीडिया पर इन दिनों विदेशी ट्रैवल व्लॉगर Maya Rey का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। 40 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुकीं माया ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में भारत में सोलो ट्रैवल के दौरान हुए पांच अनोखे अनुभव साझा किए।
उनका वीडियो एक लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। माया के मुताबिक, भारत में उन्हें जो अपनापन और अनुभव मिला, वह बाकी देशों से बिल्कुल अलग था।
माया ने बताया कि भारत में लोग भले ही उत्सुकता से देखते हों, लेकिन जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद के लिए आगे भी आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां की मेहमाननवाजी ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया।
भाषाई विविधता के बावजूद उन्हें अंग्रेजी में बातचीत करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। ट्रेन टिकट बुक करना हो, खाना ऑर्डर करना हो या किसी से गहरी बातचीत करनी हो-सब कुछ आसानी से हो गया। यह बात उन्हें बेहद चौंकाने वाली लगी।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत में लोग सीधे पर्सनल सवाल पूछ लेते हैं, जैसे शादी क्यों नहीं हुई या सैलरी कितनी है। यह कल्चर उन्हें अलग लेकिन दिलचस्प लगा। माया ने गौर किया कि भारत में ज्यादातर लोग अपने ही देश में घूमते नजर आते हैं, जो उन्हें अनोखा लगा।
वहीं भारतीय खाने की उन्होंने जमकर तारीफ की और कहा कि भारत छोड़ने के बाद उन्हें वैसा स्वाद कहीं नहीं मिला। उनका यह अनुभव भारत की सांस्कृतिक विविधता और मेहमाननवाजी को एक नई नजर से पेश करता है।