चलती ट्रेन में छूट गई बच्ची, अनजान शख्स ने जान जोखिम में डालकर उतारा नीचे; VIDEO वायरल

Man Saves Child : सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में चलती ट्रेन में छूट गई बच्ची को एक अनजान शख्स सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतारता नजर आ रहा है। घटना का वीडियो लोगों का दिल जीत रहा है।
A stranger safely rescued a child left inside a moving train, winning praise across social media.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Moving Train Child Rescue : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक अनजान शख्स ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत से एक बच्ची को चलती ट्रेन से सुरक्षित उतारकर इंसानियत की मिसाल पेश की।

वीडियो देखने के बाद लोग उस व्यक्ति की जमकर तारीफ कर रहे हैं। हालांकि यह घटना कब और किस रेलवे स्टेशन की है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

शख्स ने चलती ट्रेन से बच्ची को सुरक्षित उतारा

वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि ट्रेन से उतरने के बाद एक महिला अपना सामान प्लेटफॉर्म पर रखकर अचानक तेजी से आगे की ओर दौड़ पड़ती है। कैमरा दूसरी तरफ घूमता है तो पता चलता है कि ट्रेन धीरे-धीरे स्टेशन से निकलने लगी है और एक दूसरी महिला भी घबराकर उसके साथ दौड़ रही है।

कुछ ही सेकंड बाद एक अनजान शख्स चलती ट्रेन के दरवाजे से गोद में एक छोटी बच्ची को लेकर नीचे उतरता है और उसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर मौजूद महिला को सौंप देता है। इसके बाद वह तुरंत दोबारा ट्रेन में चढ़ जाता है।

लोगों ने शख्स की हिम्मत को सलाम किया

वायरल वीडियो से अंदाजा लगाया जा रहा है कि जल्दबाजी में महिला अपनी बच्ची को ट्रेन के अंदर ही भूल गई थी और उस व्यक्ति ने समय रहते उसे सुरक्षित नीचे उतार दिया। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में होती है, लेकिन जिसने भी इसे देखा, वह उस शख्स की हिम्मत और इंसानियत का कायल हो गया।

यह वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। पोस्ट के कैप्शन में केवल सैल्यूट वाली इमोजी लगाई गई है, लेकिन वीडियो ने लाखों लोगों का ध्यान खींच लिया। कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा, "सलाम है इस भाई को।"

दूसरे ने कहा, "ऐसे लोग आज भी दुनिया में हैं, जिन्होंने इंसानियत पर भरोसा कायम रखा है।" वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना को लेकर अलग-अलग सामाजिक टिप्पणियां भी कीं। अधिकांश लोगों का मानना है कि उस अनजान शख्स की सूझबूझ और बहादुरी ने एक बड़ा हादसा टाल दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com