

Pool Accident Viral Video : सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो लोगों को झकझोर रहा है। यह घटना महाराष्ट्र के मालवण तालुका के वायरी गांव स्थित एक रिजॉर्ट की बताई जा रही है, जहां 25 वर्षीय श्रेणिक मिलिंद टकले की स्विमिंग पूल में छलांग लगाने के बाद मौत हो गई।
वायरल वीडियो में पांच दोस्त स्विमिंग पूल में मस्ती करते और गाने पर रील बनाते नजर आते हैं। तीन दोस्त पूल के अंदर डांस कर रहे हैं, एक किनारे खड़ा है और श्रेणिक पानी में छलांग लगाने की तैयारी करता दिखाई देता है। कुछ ही सेकंड बाद वह पूल में कूदता है, लेकिन यह छलांग उसकी जिंदगी की आखिरी छलांग साबित होती है।
बताया जा रहा है कि श्रेणिक जिस हिस्से में कूदा, वह बच्चों के लिए बना शैलो पूल था, जिसकी गहराई करीब चार फीट थी। छलांग लगाते ही उसका सिर पूल के तल से टकरा गया और उसे गंभीर चोट आई। वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि शुरुआती कुछ सेकंड तक उसके दोस्तों को हादसे का अंदाजा नहीं होता और वे मस्ती में लगे रहते हैं।
बाद में जब उन्हें कुछ गड़बड़ी महसूस होती है तो वे तुरंत उसके पास पहुंचते हैं और अस्पताल ले जाते हैं। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स का कहना है कि पूल में छलांग लगाने से पहले उसकी गहराई की जानकारी होना बेहद जरूरी है। वहीं कुछ लोगों ने रील बनाने के दौरान सुरक्षा को नजरअंदाज करने पर चिंता जताई।
कई यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि हादसे के बाद दोस्तों को स्थिति समझने में इतना समय क्यों लगा। हालांकि, वायरल वीडियो से यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि यदि तुरंत मदद मिलती तो परिणाम अलग होता। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि मनोरंजन और सोशल मीडिया कंटेंट बनाते समय सुरक्षा नियमों की अनदेखी कभी नहीं करनी चाहिए।