

Train Engine Indian Flag Video : सोशल मीडिया पर एक भावुक कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लोको पायलट ट्रेन के इंजन पर बने तिरंगे को बड़े सम्मान और लगन से साफ करता नजर आ रहा है। भारत का राष्ट्रीय ध्वज हर नागरिक के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक माना जाता है।
ऐसे में जब कोई व्यक्ति अपनी ड्यूटी के साथ-साथ तिरंगे के सम्मान का भी ध्यान रखता है, तो वह लोगों के दिलों को छू जाता है। यही वजह है कि यह वीडियो इंटरनेट पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के इंजन पर बना तिरंगा धूल और गंदगी से ढक गया था। इसे देखकर लोको पायलट खुद इंजन के ऊपर चढ़ जाता है। उसके हाथ में पानी और एक छोटा वाइपर नजर आता है, जिससे वह तिरंगे को ध्यानपूर्वक साफ करने लगता है।
वीडियो में साफ दिखता है कि वह पूरे मन से सिर्फ सफाई पर ध्यान दे रहा है। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने यह दृश्य रिकॉर्ड कर लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने लोको पायलट को सच्चा देशभक्त बताया। कुछ यूजर्स ने लिखा कि देशभक्ति सिर्फ भाषण देने से नहीं, बल्कि अपने कर्तव्य और जिम्मेदारी को सम्मान के साथ निभाने से होती है।
वहीं कुछ लोगों ने कहा कि ऐसे वीडियो समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को प्रेरित करते हैं। Indian Railways से जुड़े इस वीडियो को देखकर लोग यही कह रहे हैं कि देशप्रेम सिर्फ बड़े मौकों पर नहीं, बल्कि रोजमर्रा के छोटे-छोटे कामों में भी दिखाई देता है।