

Kerala Traffic Rules : देश में जहां अक्सर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की जाती है, वहीं केरल के कोझिकोड से आई एक घटना ने लोगों का दिल जीत लिया है। एरनहिपालम इलाके में एक ट्रैफिक सिग्नल के पास कुछ बाइक और स्कूटर सवार ट्रैफिक से बचने के लिए फुटपाथ पर चढ़ गए।
फुटपाथ, जो पैदल चलने वालों के लिए होता है, वहां बच्चे और बुजुर्ग भी मौजूद थे। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला ने हिम्मत दिखाते हुए एक स्कूटर सवार का रास्ता रोक लिया। वह स्कूटर के सामने खड़ी हो गईं और उसे सड़क पर वापस जाने के लिए कहा।
जब चालक ने दूसरी ओर से निकलने की कोशिश की, तब भी महिला अपनी जगह से नहीं हटीं। उन्होंने सख्त लहजे में समझाया कि फुटपाथ पर वाहन चलाना गलत है और इससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है। इतना ही नहीं, महिला ने मोबाइल निकालकर उस व्यक्ति की रिकॉर्डिंग भी शुरू कर दी।
आखिरकार चालक को अपनी गलती माननी पड़ी और वह फुटपाथ छोड़कर सड़क पर लौट गया। यह पूरा घटनाक्रम किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पेज @aflu_stories_ पर शेयर किया गया है और इसे करोड़ों बार देखा जा चुका है। हजारों यूजर्स महिला के साहस और जागरूकता की तारीफ कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा कि इस उम्र में उन्हें अपने हक के लिए लड़ना नहीं पड़ना चाहिए, लेकिन उनका साहस प्रेरणादायक है। वहीं एक अन्य ने कहा कि उनकी मुस्कान हम सबकी जीत है। यह घटना याद दिलाती है कि नागरिक जिम्मेदारी निभाना हर किसी का कर्तव्य है।