

Rapido Driver Story : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है। यहां की सॉफ्टवेयर इंजीनियर उदया पटेल ने लिंक्डइन पर एक रैपिडो ऑटो ड्राइवर की कहानी साझा की, जिसने उनके साथ-साथ हजारों लोगों का दिल जीत लिया।
उदया ने बताया कि उनकी राइड के दौरान ड्राइवर मदेश ने अपने ऑटो में कई छोटी लेकिन बेहद जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई थीं। ऑटो में पीने का पानी, टिश्यू पेपर, हैंड सैनिटाइज़र और यहां तक कि गर्भवती महिलाओं के लिए 5 किलोमीटर तक फ्री राइड की व्यवस्था थी। यह सब देखकर उदया को सुखद आश्चर्य हुआ।
उदया ने अपने पोस्ट में लिखा कि मदेश ने इन चीजों को बहुत सलीके और प्यार से सजाकर रखा था। सीट के पास छोटे-छोटे कृत्रिम फूल लगे थे और कुछ किताबें भी करीने से रखी थीं। ऑटो का माहौल साधारण जरूर था, लेकिन उसमें अपनापन और गर्मजोशी साफ महसूस हो रही थी।
उन्होंने लिखा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग खुद के लिए समय नहीं निकाल पाते, वहां मदेश जैसे लोग बिना दिखावे के चुपचाप दूसरों की मदद कर रहे हैं। उनका यह छोटा कदम समाज में बड़ा बदलाव लाने की क्षमता रखता है।
ये खबर भी पढ़ें : जहाज पर चढ़ते वक्त शख्स नाले में गिरा, बांग्लादेश का वीडियो हुआ वायरल
इस पोस्ट पर रैपिडो कंपनी ने भी प्रतिक्रिया दी। कंपनी ने कहा कि मदेश ने एक साधारण सवारी को खास अनुभव में बदल दिया। सोशल मीडिया पर भी लोग इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
करीब 1,000 से ज्यादा लोग इस पोस्ट को लाइक कर चुके हैं और कमेंट्स में लोग लिख रहे हैं कि छोटी-छोटी बातें ही किसी का दिन खास बना देती हैं। कई यूजर्स ने कहा कि ऐसी कहानियां यह विश्वास दिलाती हैं कि इंसानियत आज भी जिंदा है।