एंबुलेंस को रास्ता दिलाने के लिए रेड लाइट पर उतर गया इंजीनियर, वीडियो देख लोग बोले- ऐसे लोग ही असली हीरो
Ambulance Viral Video : जयपुर के एक इंजीनियर का वीडियो वायरल हो रहा है। रेड लाइट पर एंबुलेंस को रास्ता दिलाने के लिए उन्होंने खुद ट्रैफिक रोककर एंबुलेंस को निकलवाया और अस्पताल तक एस्कॉर्ट भी किया।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Ambulance Priority : सोशल मीडिया पर जयपुर के एक इंजीनियर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने अपनी सूझबूझ और इंसानियत से लोगों का दिल जीत लिया। वायरल वीडियो उनके डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रेड लाइट पर उनकी कार के पीछे एक एंबुलेंस फंस जाती है।
तभी ट्रैफिक सिग्नल लाल हो जाता है और एंबुलेंस के आगे बढ़ने में देरी होने की आशंका बन जाती है। ऐसे में इंजीनियर बिना देर किए अपनी कार से उतरते हैं और सामने से आ रहे वाहनों को रोककर एंबुलेंस के लिए रास्ता साफ कराते हैं, ताकि मरीज समय पर अस्पताल पहुंच सके।
एंबुलेंस को रास्ता दिलाने का वीडियो वायरल
वीडियो में आगे दिखाई देता है कि सिर्फ चौराहा खाली कराने तक ही उन्होंने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई, बल्कि एंबुलेंस के पीछे-पीछे अस्पताल तक भी गए ताकि रास्ते में उसे कहीं और रुकना न पड़े।
इस पूरे घटनाक्रम को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा, “एक छोटा-सा कदम किसी की जान बचा सकता है। हमेशा एंबुलेंस को रास्ता दें।” उनका यह संदेश भी सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है और लोग इसे सड़क पर जिम्मेदार नागरिक होने की मिसाल बता रहे हैं।
ये खबर भी पढ़ें : प्लेटफॉर्म पर केला खाकर पटरी पर फेंका छिलका, टोका तो बदला फैसला; वायरल वीडियो ने छेड़ी सिविक सेंस पर बहस
लोगों ने इसे इंसानियत की मिसाल बताया
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इंजीनियर की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “यह छोटा काम नहीं है, आपने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना किसी और की जान बचाने की कोशिश की।” दूसरे ने कहा, “ऐसे काम ही इंसानियत को जिंदा रखते हैं।”
एक अन्य यूजर ने लिखा कि वीडियो देखकर “रोंगटे खड़े हो गए और आंखों में आंसू आ गए।” वहीं कई लोगों ने उन्हें मरीज और उसके परिवार के लिए “फरिश्ता” बताया। यूजर्स का कहना है कि अगर हर वाहन चालक एंबुलेंस को प्राथमिकता दे, तो कई लोगों की जान समय पर बचाई जा सकती है।
