वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
IndiGo Flight Delay Viral Video : IndiGo की फ्लाइट 6E1025 एक बार फिर चर्चा में है। सिंगापुर जाने वाली यह फ्लाइट 24 फरवरी की सुबह 7:20 बजे रवाना होनी थी, लेकिन करीब 12 बजे टेकऑफ कर पाई।
लगभग 5 घंटे की देरी से नाराज करीब 200 यात्रियों ने प्लेन के अंदर ही हंगामा कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्री विमान के एग्जिट गेट के पास खड़े होकर अपनी नाराजगी जाहिर करते दिख रहे हैं।
यह वीडियो लाइफ कोच जोसेफस नाजारेल एंड्रयू ने शेयर किया, जो खुद इसी फ्लाइट में सवार थे। उनके मुताबिक, देरी को लेकर यात्रियों को समय पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
इस दौरान विमान में बैठे बुजुर्ग, बच्चे और अन्य यात्री असुविधा झेलते रहे। पोस्ट में दावा किया गया कि एसी कभी चल रहा था तो कभी बंद हो रहा था और परेशान यात्रियों को विमान से बाहर भी नहीं जाने दिया गया। करीब 11:30 बजे रिप्लेसमेंट पायलट पहुंचे, तब जाकर स्थिति कुछ संभली।
ये खबर भी पढ़ें : दिल्ली मेट्रो में ‘धक्का’ बना झगड़े की वजह, दो महिलाओं की हाथापाई का वीडियो वायरल
फ्लाइट देरी को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी Directorate General of Civil Aviation (DGCA) ने स्पष्ट नियम बनाए हैं। नियमों के अनुसार 2 घंटे से अधिक की देरी पर एयरलाइन को मुफ्त भोजन या रिफ्रेशमेंट देना होता है। 6 घंटे से ज्यादा देरी होने पर यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट या पूरा रिफंड देने का प्रावधान है।
वहीं, अगर पूरी रात रुकना पड़े तो होटल में ठहरने की व्यवस्था भी एयरलाइन को करनी होती है। फिलहाल इस मामले का वीडियो वायरल हो रहा है और यात्री सुविधाओं को लेकर फिर बहस छिड़ गई है।