

Cab Roof WFH : गुरुग्राम में मानसून की बारिश के बाद सड़कें जलमग्न होने से ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। इस बीच एक शख्स ने ऐसी तरकीब निकाली कि उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दरअसल, ऑफिस जाते समय उसकी कैब जलभराव के कारण सड़क पर फंस गई। आसपास वाहनों की लंबी कतार लगी थी और ट्रैफिक बेहद धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा था।
ऐसे हालात में ऑफिस पहुंचना मुश्किल था, लेकिन शख्स ने काम रोकने के बजाय कैब की छत को ही अपना अस्थायी ऑफिस बना लिया। वह कैब की छत पर बैठ गया और सामने लैपटॉप खोलकर ऑफिस का काम करने लगा। इस दौरान वह कथित तौर पर ऑफिस की कॉल भी अटेंड करता दिखाई दिया।
इस पूरे मामले का वीडियो X यूजर लक्षय मेहता ने अपने अकाउंट पर शेयर किया। पोस्ट के मुताबिक, शख्स ऑफिस जाने के रास्ते में था, तभी जलभराव की वजह से उसकी कैब खराब हो गई और वह भीषण ट्रैफिक जाम में फंस गया। स्थिति को देखते हुए उसने अपने ऑफिस में फोन किया और वहां से वर्क फ्रॉम होम की अनुमति ले ली।
इसके बाद उसने किसी सुरक्षित जगह या घर लौटने का इंतजार करने के बजाय कैब की छत पर बैठकर काम शुरू कर दिया। वीडियो में आसपास पानी से भरी सड़क और जाम में फंसे कई वाहन नजर आ रहे हैं, जबकि शख्स लैपटॉप खोलकर अपने काम में व्यस्त दिखाई देता है। उसकी इस कोशिश ने लोगों का ध्यान खींच लिया।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस अनोखे अंदाज में किए गए WFH को लेकर खूब मजे लिए। कई लोगों ने कहा कि शख्स ने 'वर्क फ्रॉम होम' का मतलब ही बदल दिया है। कुछ यूजर्स ने इसे फ्लेक्सिबल वर्किंग का सबसे अलग उदाहरण बताया, जबकि कई लोगों ने मानसून के दौरान गुरुग्राम में होने वाले जलभराव और ट्रैफिक जाम से इसे जोड़कर देखा।
लोगों का कहना था कि ऑफिस तक पहुंचना संभव नहीं था, इसलिए शख्स ने जहां जगह मिली, वहीं से काम शुरू कर दिया। यह वीडियो उन लोगों के लिए भी काफी रिलेटेबल रहा, जो बारिश और ट्रैफिक के कारण अक्सर ऑफिस पहुंचने में परेशानी का सामना करते हैं।