

Highlights:
गाजियाबाद जीआरपी थाने में 17 वर्षीय किशोर की डंडे से पिटाई का वीडियो वायरल।
शुरुआती जांच में किशोर के खिलाफ कोई शिकायत या चोरी का आरोप नहीं मिला।
सिपाही सिकंदर कुमार लाइन हाजिर, डीएसपी अशोक सिसौदिया कर रहे मामले की
GRP Constable Minor Beating Viral Video: गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी थाने के अंदर एक नाबालिग की डंडे से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में एक सिपाही किशोर को बेरहमी से पीटता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि 17 वर्षीय किशोर को संदिग्ध मानकर थाने लाया गया था, जबकि उसके खिलाफ न तो कोई शिकायत थी और न ही चोरी का आरोप। मामला सामने आने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं और आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1.30 बजे 17 वर्षीय किशोर दिल्ली से आ रही ईएमयू ट्रेन से प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर उतरा था। इसी दौरान जीआरपी सिपाही सिकंदर कुमार ने उसे पकड़ने की कोशिश की। किशोर भागने लगा तो सिपाही ने पीछा करके लड़के को पकड़ लिया और संदिग्ध मानकर रेलवे के थाने में बैठा दिया।
आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने थाने के भीतर डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। रात करीब ढाई बजे थाने के मुख्य गेट के सामने किशोर को पीटा गया। उस समय प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की मौजूदगी नहीं थी, लेकिन पास खड़ी ट्रेन में बैठे एक यात्री ने पूरी घटना देख ली।
सिपाही को शायद अंदाजा नहीं था कि उसकी हरकत कैमरे में कैद हो रही है। ट्रेन में बैठे यात्री ने मोबाइल से करीब 25 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा और कार्रवाई शुरू हुई।
शुरुआती जांच में सामने आया कि जिस किशोर की पिटाई की गई, उसके खिलाफ कोई शिकायत या चोरी का आरोप दर्ज नहीं था। हैरानी की बात यह भी है कि कथित तौर पर थाने में किशोर का नाम, पता या मोबाइल नंबर तक दर्ज नहीं किया गया। पिटाई के बाद उसे छोड़ दिया गया, जिससे अब उसकी पहचान और तलाश करना जांच अधिकारियों के लिए चुनौती बन सकता है।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी आशुतोष शुक्ला ने जांच के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच डीएसपी अशोक सिसौदिया कर रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
डीएसपी अशोक सिसौदिया के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस किशोर की पिटाई का आरोप है, उसके खिलाफ कोई शिकायत नहीं थी। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि किशोर को किस आधार पर थाने लाया गया और उसके साथ मारपीट क्यों की गई।