मोबाइल से बंद हो गया ई-रिक्शा, 3 किलोमीटर तक खींचता रहा चालक; मदद मिलते ही हाथ जोड़कर भावुक हुआ ड्राइवर

E-rickshaw Prank Trend : सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक ई-रिक्शा चालक कथित तौर पर मोबाइल ऐप से वाहन बंद हो जाने के बाद उसे 3 किलोमीटर तक खींचने को मजबूर हो जाता है।
An e-rickshaw driver was forced to pull his vehicle for 3 km after it was allegedly disabled through a mobile app.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

E-rickshaw Viral Video : सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ई-रिक्शा चालक अपनी रोजी-रोटी का साधन बंद हो जाने के बाद उसे सड़क पर खींचते हुए दिखाई देता है।

वीडियो शेयर करने वाले दिलीप राणा ने दावा किया है कि किसी ने BAT-BMS नाम के मोबाइल ऐप के जरिए चालक का ई-रिक्शा डिसेबल कर दिया था। इसके कारण वह पूरे दिन सवारी नहीं बैठा पाया और उसे अपना रिक्शा करीब 3 किलोमीटर तक खींचना पड़ा। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

चाइनीज ऐप से बंद किया ई-रिक्शा, ड्राइवर हुआ भावुक

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति रिक्शा चालक से पूछता है, "क्या रिक्शा खराब हो गया है?" इस पर चालक हां में जवाब देता है। फिर उससे पूछा जाता है कि "क्या किसी ने मोबाइल से बंद कर दिया है?" चालक दोबारा हामी भरता है।

इसके बाद वीडियो बना रहा व्यक्ति अपने मोबाइल में संबंधित ऐप खोलता है और कुछ ही देर में रिक्शा दोबारा चालू हो जाता है। रिक्शा स्टार्ट होते ही चालक राहत की सांस लेता है, हाथ जोड़कर उस व्यक्ति का धन्यवाद करता है और भावुक होकर उसे आशीर्वाद देने लगता है। उसके चेहरे पर लौट आई मुस्कान लोगों का दिल जीत रही है।

लोगों ने ऐसे कथित प्रैंक ट्रेंड पर सवाल उठाए

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि अगर किसी तकनीक का इस्तेमाल लोगों की मदद के बजाय उन्हें परेशान करने के लिए किया जा रहा है, तो यह बेहद गलत है। वहीं कुछ लोगों ने ऐसे कथित प्रैंक ट्रेंड पर सवाल उठाते हुए कहा कि गरीब मेहनतकश लोगों की रोजी-रोटी से खिलवाड़ करना मनोरंजन नहीं हो सकता।

हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह स्पष्ट नहीं है कि ई-रिक्शा वास्तव में किस वजह से बंद हुआ था। फिर भी इस वीडियो ने तकनीक के जिम्मेदार इस्तेमाल और दूसरों की आजीविका के प्रति संवेदनशील रहने की जरूरत पर चर्चा जरूर छेड़ दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com