ट्रैक पर हाथियों का झुंड, सामने थी तेज रफ्तार ट्रेन! वनकर्मी की सूझबूझ से बचीं कई जानें, CM हिमंता ने की तारीफ

Elephant Rescue : असम के होजाई में रेलवे ट्रैक पार कर रहे हाथियों के झुंड को देखकर वनकर्मी ने तेज रफ्तार ट्रेन को समय रहते रोक दिया। CM हिमंता बिस्वा सरमा ने भी कर्मचारी की तारीफ की।
A vigilant forest worker stopped a speeding train in time, saving a large herd of elephants.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट(सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Elephant Crossing Railway Track : असम के होजाई जिले से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रेलवे ट्रैक पार करते हाथियों के बड़े झुंड को देखा जा सकता है। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार ट्रेन आती नजर आती है।

खतरे को भांपते हुए मौके पर मौजूद एक वनकर्मी ने तुरंत ट्रेन के चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने भी बिना देर किए ट्रेन रोक दी, जिससे हाथियों का पूरा झुंड सुरक्षित तरीके से ट्रैक पार कर जंगल की ओर चला गया। झुंड में बड़े हाथियों के साथ छोटे बच्चे भी शामिल थे।

CM हिमंता बिस्वा सरमा ने भी शेयर किया वीडियो

वायरल वीडियो में वनकर्मी ट्रैक के किनारे खड़े होकर ट्रेन की ओर लगातार इशारा करते दिखाई देते हैं। दूसरी तरफ हाथियों का झुंड बिना घबराए रेलवे लाइन पार करता नजर आता है। अगर ट्रेन समय पर नहीं रुकती तो बड़ी संख्या में हाथियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। असम में रेलवे लाइनें कई ऐसे इलाकों से होकर गुजरती हैं, जहां हाथियों के पारंपरिक आवागमन के रास्ते मौजूद हैं। ऐसे में वन विभाग और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इस घटना का वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया और वन विभाग के कर्मचारियों की सतर्कता की तारीफ की। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइनों के किनारे स्थित हाथी गलियारों में वन विभाग के कर्मचारी लगातार निगरानी रखते हैं, ताकि हाथियों को सुरक्षित रास्ता मिल सके। होजाई की इस घटना में समय रहते ट्रेन को अलर्ट किया गया और कई अनमोल जानें बच गईं।

वीडियो देख यूजर्स ने वनकर्मी को किया सलाम

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स वनकर्मी और ट्रेन चालक की सूझबूझ की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों ने कहा कि वन विभाग और रेलवे के बीच बेहतर तालमेल से ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।

एक यूजर ने असम वन विभाग और भारतीय रेलवे के प्रयासों को सलाम किया। वहीं दूसरे ने लिखा कि इन बेजुबान और विशाल जीवों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। कई यूजर्स ने वनकर्मी की सतर्कता को वन्यजीव संरक्षण की शानदार मिसाल बताया।

A vigilant forest worker stopped a speeding train in time, saving a large herd of elephants.
दुल्हन के बॉयफ्रेंड ने दूल्हे को दिखाई ऐसी तस्वीरें कि घूम गया दिमाग, सोशल मीडिया पर रिएक्शन वायरल
Navbharat Live
navbharatlive.com