कनाडा में जंगल में सोफा फेंक रहे भारतीयों को घर मालिक ने रंगे हाथों पकड़ा, वापस बुलाकर खुद उठवाया कचरा

Indians Dump Trash in Canada : कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में जंगल के पास सोफा फेंक रहे तीन भारतीय युवकों को एक स्थानीय व्यक्ति ने पकड़ लिया। उसने उन्हें वापस लाकर खुद कचरा उठवाया।
A Canadian homeowner caught three Indian men allegedly dumping a sofa in a forest and made them clean it up before disposing of it legally.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Indian Men in Canada : कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक स्थानीय निवासी तीन भारतीय युवकों को जंगल के किनारे अवैध रूप से सोफा फेंकते हुए पकड़ लेता है।

मामला मिशन इलाके का बताया जा रहा है, जहां रहने वाले टेलर मेलर ने दावा किया कि उन्होंने अपने घर के पास एक पिकअप ट्रक को जंगल से तेजी से निकलते देखा। शक होने पर उन्होंने ट्रक का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोक लिया। इसके बाद उन्होंने युवकों को वापस उसी जगह ले जाकर फेंका गया सोफा उठाने के लिए कहा।

कनाडा में भारतीय युवकों की गैर-जिम्मेदाराना हरकत

वीडियो में तीनों युवक जंगल से बड़ा सोफा निकालकर दोबारा अपनी पिकअप गाड़ी में लोड करते दिखाई देते हैं। बताया गया कि गाड़ी में पहले से भी कुछ पुराना फर्नीचर रखा हुआ था। टेलर मेलर यहीं नहीं रुके, बल्कि उन्होंने ट्रक का पीछा करते हुए मिशन सैनिटरी लैंडफिल तक पहुंचकर यह भी सुनिश्चित किया कि पूरा कचरा निर्धारित स्थान पर ही फेंका जाए।

वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि उन्होंने इन लोगों को अपने घर के बाहर जंगल में कचरा फेंकते पकड़ा, वापस बुलाकर कचरा उठवाया और फिर सही जगह पर फेंकने के लिए मजबूर किया। उन्होंने इसे "एक अच्छा कनाडाई सबक" भी बताया।

लोगों ने भारतीय युवकों की इस हरकत की आलोचना की

यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने भारतीय युवकों की इस हरकत की आलोचना करते हुए कहा कि विदेश में रहते हुए स्थानीय नियमों और सार्वजनिक स्थानों का सम्मान करना हर किसी की जिम्मेदारी है।

वहीं सोशल मीडिया पर कई लोगों ने घर मालिक की तारीफ की कि उन्होंने सिर्फ विरोध नहीं किया, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया कि कचरे का सही तरीके से निस्तारण हो। इस घटना ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण, नागरिक जिम्मेदारी और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अहमियत पर चर्चा शुरू कर दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com