Blinkit डिलीवरी बॉय का ‘चोरी’ करते हुए वीडियो वायरल, बॉक्स से चॉकलेट निकालते हुआ कैमरे में कैद
Delivery Boy Theft Viral Video : Blinkit डिलीवरी बॉय का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पार्सल से चॉकलेट निकालते हुए कैमरे में कैद हुआ। इस घटना ने डिलीवरी सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Blinkit Delivery Boy Viral Video : ऑनलाइन ग्रोसरी और क्विक डिलीवरी ऐप्स के दौर में लोग कुछ ही मिनटों में सामान घर तक पहुंचने की उम्मीद रखते हैं। लेकिन हाल ही में सामने आए एक वायरल वीडियो ने लोगों की इस भरोसे को झटका दिया है।
सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में एक डिलीवरी बॉय को पार्सल से चोरी करते हुए देखा गया है। यह वीडियो देखने के बाद कई लोग हैरान हैं और अब हर डिलीवरी को लेकर सतर्क हो गए हैं।
डिलीवरी बॉय का सामान चुराते हुए वीडियो वायरल
वीडियो में साफ नजर आता है कि डिलीवरी बॉय एक बड़े बॉक्स को खोलता है और बेहद सावधानी से उसमें से एक चॉकलेट निकाल लेता है। इसके बाद वह बॉक्स को दोबारा टेप लगाकर बंद कर देता है, ताकि किसी को शक न हो।
खास बात यह है कि उसने अपनी गाड़ी गली में खड़ी की थी, जिससे उसे कोई देख न सके। हालांकि, किसी ने छत से इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो चुका है।
ये खबर भी पढ़ें : लोगों के लिए दादी बनीं प्रेरणा, 103 साल की उम्र में भी कांपते हाथों से बेच रहीं चाय
लोगों ने डिलीवरी सिस्टम की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल
इस वायरल वीडियो को अब तक 10 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है और लोगों ने इसमें डिलीवरी बॉय की गाड़ी का नंबर भी नोटिस कर लिया है। वीडियो पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
जहां कुछ लोग इस हरकत को गलत ठहरा रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे मजबूरी से जोड़कर देख रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “आदमी अपने परिवार के लिए क्या-क्या नहीं करता,” तो दूसरे ने कहा, “खाना चुराना चोरी नहीं होती।” हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर डिलीवरी एप्स के सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
