हॉर्न बजाने पर भड़का मर्सिडीज सवार! बीच सड़क बाइक सवार को मारा थप्पड़, बेंगलुरु रोड रेज का वीडियो वायरल
Bengaluru Road Rage : बेंगलुरु के इंदिरानगर में हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आरोप है कि मर्सिडीज कार में बैठे एक शख्स ने बाइक सवार को थप्पड़ मार दिया।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Road Rage Video : बेंगलुरु के पॉश इलाके इंदिरानगर में रोड रेज का एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक मर्सिडीज कार में बैठा शख्स बीच सड़क पर एक बाइक सवार के साथ मारपीट करता नजर आता है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 जुलाई को इंदिरानगर की 12वीं मेन रोड स्थित एक ट्रैफिक सिग्नल पर हुई। इंस्टाग्राम यूजर लक्ष्मण नाइक द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, रेड सिग्नल के दौरान एक बाइक सवार मर्सिडीज और मारुति डिजायर के बीच मौजूद थोड़ी-सी जगह से निकलने की कोशिश कर रहा था।
बेंगलुरु में हॉर्न बजाने पर बीच सड़क पर मारपीट
बताया गया कि रास्ता मांगने के लिए बाइक सवार ने हॉर्न बजाया, जिससे मर्सिडीज में बैठा एक सहयात्री कथित तौर पर नाराज हो गया। आरोप है कि वह कार से बाहर निकला, बाइक सवार से बहस की और उसे थप्पड़ मार दिया। वायरल वीडियो में वह बाइक सवार को धक्का देकर गिराने की कोशिश करता भी दिखाई देता है।
हालांकि, सड़क पर मौजूद लोगों ने समय रहते हस्तक्षेप किया और दोनों के बीच बढ़ते विवाद को शांत कराया। इसी दौरान मर्सिडीज चला रहा व्यक्ति भी कार से बाहर आया और कथित तौर पर लोगों से कहा कि यदि इस धक्का-मुक्की में दूसरी कार को कोई नुकसान हुआ है तो उसका खर्च वह स्वयं उठाएगा।
ये खबर भी पढ़ें : दिल्ली छोड़ मनाली में बस गया युवक, Blinkit का ऑर्डर लेने के लिए 1 किमी पैदल उतरना पड़ता है; वीडियो वायरल
लोगों ने बेंगलुरु पुलिस को टैग कर कार्रवाई की मांग की
वीडियो साझा करने वाले लक्ष्मण नाइक ने कहा कि उनका उद्देश्य लाइक्स या व्यूज हासिल करना नहीं, बल्कि सड़क पर बढ़ रही हिंसक घटनाओं की ओर लोगों और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करना है। उनका कहना है कि ऐसी कई घटनाएं कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो पातीं और पीड़ितों की आवाज सामने नहीं आ पाती।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। कई लोगों ने सवाल उठाया कि सड़क पर किसी भी विवाद के दौरान हिंसा का सहारा लेना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। वहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स ने महानगरों में बढ़ती रोड रेज की घटनाओं पर चिंता जताते हुए लोगों से सड़क पर धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की।
