महिलाओं के बाद अब दिव्यांगों पर टिप्पणी; बाबू गप्पी का एक और विवादित वीडियो वायरल, कार्रवाई की मांग तेज

Viral Video Of Agra: आगरा के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर बाबू गप्पी का एक नया वीडियो विवादों में है। वीडियो में दिव्यांग लोगों की भावनाएं आहत करने के आरोप लग रहे हैं। सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग हो रही
YouTuber Babu Gappi Faces Fresh Backlash Over Alleged Mocking of Persons with Disabilities
यूट्यूबर बाबू गप्पी (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Babu Gappi Viral Video Of Agra:  महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पहले से विवादों में घिरे सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और यूट्यूबर बाबू गप्पी एक बार फिर नए विवाद में घिरते दिखाई दे रहे हैं। इस बार उन पर दिव्यांग और विकलांग लोगों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लग रहा है। सोशल मीडिया पर उनका एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर एक दिव्यांग व्यक्ति की नकल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो पर "टेढ़ा-मेढ़ा" जैसे शब्द लिखे होने का भी दावा किया जा रहा है, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

एक और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय

हैरानी की बात यह है कि महिलाओं पर विवादित टिप्पणी वाले मामले को अभी दो दिन भी नहीं बीते थे कि बाबू गप्पी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। नए वीडियो के सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स का आरोप है कि लगातार विवादित वीडियो डालकर वह सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं ताकि उनके वीडियो अधिक वायरल हों और उन्हें आर्थिक लाभ मिल सके।

साइबर थाने में एफआईआर दर्ज

गौरतलब है कि महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाले मामले में आगरा पुलिस ने साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उस मामले में विभिन्न महिला संगठनों, सामाजिक संगठनों और योगी यूथ ब्रिगेड ने कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

योगी यूथ ब्रिगेड ने की कार्रवाई की मांग

अब नए वीडियो के सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है। योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष एवं हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आगरा पुलिस, साइबर थाना और सीएम ऑफिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने लिखा कि बाबू गप्पी ने अपने वीडियो के माध्यम से देश के दिव्यांग और विकलांग लोगों का अपमान किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं पर विवादित टिप्पणी वाले मामले में अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और अब इस नए प्रकरण में भी तत्काल कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस की ओर से इस नए वीडियो को लेकर आधिकारिक बयान या अलग से किसी नई कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com