रैपिडो चलाने के कारण नहीं हो रही शादी, लड़की वालों ने शादी से किया इनकार; युवक ने वीडियो में बताया दर्द

Rapido Rider Viral Video : दिल्ली के एक रैपिडो राइडर ने सोशल मीडिया पर बताया कि उसकी शादी के रिश्ते सिर्फ इसलिए टूट रहे हैं क्योंकि वह रैपिडो चलाता है। यह वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
A Delhi Rapido rider announced he is quitting after facing repeated marriage rejections due to his job.
वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Marriage Proposal Rejected : दिल्ली के एक रैपिडो राइडर ने सोशल मीडिया पर अपनी कहानी साझा करते हुए बताया कि वह अब रैपिडो चलाना बंद कर रहा है, क्योंकि उसकी शादी के रिश्ते बार-बार इसी वजह से टूट रहे हैं। इंस्टाग्राम पर @om_spidey नाम से एक्टिव यह युवक ‘दिल्ली का स्पाइडरमैन’ के नाम से भी जाना जाता है।

रैपिडो चलाने के कारण नहीं हो रही शादी

वीडियो में वह बताता है कि उसकी उम्र 30 साल हो चुकी है और अब तक 2-3 रिश्ते आए, लेकिन जैसे ही सामने वालों को पता चला कि वह रैपिडो चलाता है, बात आगे नहीं बढ़ी।

वह कहता है कि वह महीने के 30-40 हजार रुपये कमा लेता है, फिर भी लड़की वालों को सरकारी नौकरी वाला लड़का ज्यादा पसंद आता है। युवक के मुताबिक, उसके अपने घरवालों ने भी उसे स्थायी नौकरी ढूंढने की सलाह दी है।

रैपिडो जैसी गिग जॉब में तय सैलरी या जॉब सिक्योरिटी नहीं होती। कमाई राइड और इंसेंटिव पर निर्भर करती है। शायद यही वजह है कि कई परिवार स्थिर आय को प्राथमिकता देते हैं।

युवक व्लॉगिंग भी करता है और उसके इंस्टाग्राम पर 15 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। 2 फरवरी को पोस्ट किए गए उसके वीडियो को अब तक 8 लाख 25 हजार से ज्यादा व्यूज और 38 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं।

लोगों ने कमेंट कर समाज पर उठाए सवाल

वायरल वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोगों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। किसी ने कहा, “सिंगल लाइफ बेस्ट है,” तो किसी ने सलाह दी, “पहले शादी कर लो, फिर रैपिडो कंपनी जॉइन कर लेना।”

कुछ यूजर्स ने उसके गुस्से और निराशा को भी महसूस किया। यह कहानी एक बार फिर यह सवाल उठाती है कि समाज आज भी काम की इज्जत से ज्यादा उसकी स्थिरता को क्यों तौलता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com