

Meghalaya Cleanest Village Video : उद्योगपति आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर अपने प्रेरणादायक पोस्ट के लिए जाने जाते हैं। सोमवार को उन्होंने #MondayMotivation के तहत मेघालय के मॉलिन्नोंग गांव का एक वीडियो साझा किया।
मेघालय के इस्ट घसी जिले में स्थित इस गांव को ‘एशिया का सबसे साफ गांव’ कहा जाता है। महिंद्रा ने अपने पोस्ट में लिखा कि “एक बच्चे को पालने के लिए पूरे गांव की जरूरत होती है,” और यही सोच मॉलिन्नोंग की रोजमर्रा की जिंदगी में दिखती है।
उन्होंने कहा कि यहां स्वच्छता कोई अभियान नहीं, बल्कि एक संस्कृति है। गांव में हर व्यक्ति साफ-सफाई की जिम्मेदारी खुद निभाता है। जगह-जगह बांस के डस्टबिन रखे गए हैं और प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक है।
कचरे से खाद बनाई जाती है, जिसका इस्तेमाल खेती में किया जाता है। महिंद्रा ने लिखा कि अगर भारत को अपनी छवि बदलनी है, तो यह केवल नारों से नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी से संभव होगा।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी इस पोस्ट की जमकर सराहना की। कई लोगों ने लिखा कि मॉलिन्नोंग इस बात का उदाहरण है कि जब हर घर स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानता है, तो पूरा गांव साफ रहता है। कुछ यूजर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह गांव वास्तव में बेहद साफ-सुथरा और प्रेरणादायक है।