ऋषिकेश–हरिद्वार हाईवे पर सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत, खड़े ट्रक में SUV ने पीछे से मारी टक्कर
Car Accident: ऋषिकेश-हरिद्वार रोड पर मनसा देवी फाटक के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। मौके पर चार लोगों की मौत हो गई है। खड़े ट्रक में तेज रफ्तार SUV ने पीछे से टक्कर मारी। 2 शवों की पहचान हो गई है।
- Written By: रंजन कुमार
सड़क दुर्घटना। इमेज-एआई
Rishikesh Haridwar Accident: उत्तराखंड में ऋषिकेश–हरिद्वार हाईवे पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई। मनसा देवी फाटक के पास तेज रफ्तार XUV 500 खड़े ट्रक में पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वह ट्रक के नीचे जा फंसी।
मंगलवार की देर रात कार हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। पुलिस के अनुसार वाहन काफी तेज रफ्तार में था। वह रास्ते में एक के बाद एक कई गाड़ियों को ओवरटेक कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक सड़क पर जानवर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने कार को बाईं ओर मोड़ा और कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रक के नीचे फंसी कार
हादसे की सूचना कंट्रोल रूम 112 पर मिली। उसके बाद ऋषिकेश कोतवाली, श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल चौकी की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वाहन ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा था। उसे क्रेन की मदद से काटकर अलग किया गया। चारों लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सम्बंधित ख़बरें
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा टला, गौरीकुंड के पास खाई में गिरे युवक को रेस्क्यू टीम ने बचाया
बद्रीनाथ दान घोटाला: जांच का सबसे बड़ा सबूत गायब, 32 दिन की CCTV फुटेज डिलीट, SIT की रिपोर्ट से मचा हड़कंप
बद्रीनाथ चढ़ावा मामले में बड़ा अपडेट! SIT आज अध्यक्ष के करीबी प्रमोद नौटियाल को कोर्ट में करेगी पेश
Badrinath Temple Theft: बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी मामले में SIT ने सौंपी 18 पेज की रिपोर्ट
दो मृतकों की हुई पहचान
शुरुआती जांच में दो मृतकों की पहचान हो गई है। धीरज जायसवाल (30), पुत्र-दीनबंधु जायसवाल, निवासी-चंद्रेश्वर नगर, दुर्गा मंदिर रोड, ऋषिकेश। हरिओम (22), पुत्र-अरविंद कुमार, निवासी-हनुमान मंदिर, गुमानीवाला, ऋषिकेश। अन्य दो मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस इनकी पहचान करने के प्रयास में जुटी है। जिन शवों की पहचान हो गई है, उनके परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: UP में कोहरे से मचा कोहराम…चार जिलों में हुए भयानक हादसे में 14 लोगों की मौत
कार मालिक से नहीं हो सका संपर्क
कार मालिक की पहचान ऋषिकेश के चंद्रेश्वर मार्ग निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, पर फोन रिसीव नहीं हुआ। कोतवाल केसी भट्ट के अनुसार हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। प्राथमिक कारण कार का तेज रफ्तार में होना माना जा रहा है। सड़क पर अचानक आए जानवर को बचाने के कारण वाहन का नियंत्रण खो जाने का अंदेशा है।
