

जुआ खेलने के दौरान डेढ़ लाख रुपये जीतने के बाद हुआ था विवाद
गोली लगने से अजय पासी की हुई थी मौत
बकराबाद का ग्राम प्रधान संजय बिंद पुलिस के सामने हुआ पेश
Yogi Government Encounter Policy: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती और एनकाउंटर की कार्रवाई का खौफ एक बार फिर चर्चा में है। गाजीपुर में हत्या के एक मामले में नामजद आरोपी हाथ में आत्मसमर्पण की तख्ती लेकर खुद कोतवाली पहुंच गया। आरोपी की इस तरह थाने पहुंचने की तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
पूरा मामला गाजीपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहाव गांव का है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में अजय पासी नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में बकराबाद गांव के प्रधान संजय बिंद को आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी थी।
इसी बीच मंगलवार को आरोपी संजय बिंद अचानक सदर कोतवाली पहुंच गया। उसके हाथ में एक तख्ती थी, जिस पर लिखा था- 'मैं संजय बिंद आत्मसमर्पण कर रहा हूं।' इस तरह तख्ती लेकर कोतवाली पहुंचे आरोपी को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। इसके बाद उसने गाजीपुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। माना जा रहा है कि योगी सरकार के अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख के डर से आरोपी ने यह फैसला किया।
आत्मसमर्पण के दौरान संजय बिंद ने पुलिस को बताया कि जुआ खेलने के दौरान उसने करीब डेढ़ लाख रुपये जीते थे। आरोप है कि इसी रकम को लेकर वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसके साथ लूटपाट की। इसी विवाद के दौरान गोली चल गई, जिससे अजय पासी की मौत हो गई। आरोपी ने घटना पर पछतावा जताने की बात भी कही।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद पुलिस की तलाश और एनकाउंटर की आशंका के चलते आरोपी ने खुद कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। हत्याकांड में विवाद, गोली चलने की परिस्थितियों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले के बाद से उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा और एनकाउंटर का डर एक बार फिर सुर्खियों में है।