जब सीएम योगी की तारीफ में कसीदे पढ़ने लगीं सपा विधायक, हर कोई रह गया हैरान, देखें वीडियो

Pooja Pal: यूपी विधानसभा में ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ को लेकर चली लंबी चर्चा हुई। इसी दौरान उस समय सभी चौंक गए जब सपा की विधायक पूजा पाल ने योगी आदित्यनाथ की 'जीरो टॉलरेंस' नीति की खुलकर सराहना की।
pooja pal praises CM Yogi
विधायक पूजा पाल, फोटो: सोशल मीडिया
Updated on

Pooja Pal on Vision Document 2047: सपा विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने उन्हें और कई महिलाओं को न्याय दिलाने का काम किया है। पूजा पाल, जो प्रयागराज से विधायक हैं, ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके पति राजू पाल की हत्या एक कुख्यात अपराधी अतीक अहमद और उसके गुर्गों द्वारा कर दी गई थी।

पूजा पाल ने विधानसभा में भावुक होकर कहा, "मैंने अपना जीवनसाथी खोया, लेकिन जब कोई नहीं सुन रहा था तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरी बात को सुना और मुझे न्याय दिलाया।" उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण ही अतीक अहमद जैसे अपराधियों का अंत संभव हो पाया।

चारों ओर से निराश थी तब मुख्यमंत्री ने सहारा दिया

सपा विधायक ने कहा कि प्रयागराज में उनके जैसी कई महिलाओं को इंसाफ मिला है और इसका श्रेय सीएम योगी को जाता है। उनका कहना था कि जब वह लड़ाई से थक चुकी थीं और चारों ओर से निराशा में थीं, तब मुख्यमंत्री ने उन्हें सहारा दिया और न्याय सुनिश्चित किया।

पूजा पाल की यह भावनात्मक प्रतिक्रिया विधानसभा में चर्चा का खास हिस्सा बन गई। उन्होंने यह भी कहा कि जब वह अकेली अतीक अहमद जैसे शक्तिशाली अपराधी के खिलाफ लड़ रही थीं, तो कोई साथ नहीं दे रहा था। लेकिन सीएम योगी ने न सिर्फ उनकी बात सुनी, बल्कि कठोर कदम भी उठाए।

2005 में हुई थी राजू पाल की हत्या

गौरतलब है कि पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या वर्ष 2005 में हुई थी, जो उनकी शादी के सिर्फ 9 दिन बाद ही हुई थी। हत्या के पीछे राजनीतिक दुश्मनी बताई गई थी, क्योंकि राजू पाल ने 2004 के चुनाव में अतीक अहमद के भाई अशरफ को हराया था। इसके बाद से यह मामला प्रदेश में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक अपराध का प्रतीक बन गया था।

असहज दिखा विपक्ष

विधानसभा में सपा विधायक द्वारा की गई इस तारीफ से जहां सत्ता पक्ष संतुष्ट नजर आया, वहीं यह विपक्ष के भीतर असहजता का विषय भी बन गया। पूजा पाल का यह बयान इस बात का संकेत देता है कि अपराध और न्याय के मुद्दे पर मुख्यमंत्री की सख्त नीति को राजनीतिक दलों से परे भी सराहना मिल रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com