

नवभारत की खबर के बाद प्रशासन सक्रिय
मंत्री रविंद्र जायसवाल पहुंचे शास्त्री घाट
मशीन पर सवार होकर नदी में देखी सफाई
नदी और घाटों की सफाई के दिए निर्देश
Varuna River Inspection Minister Ravindra Jaiswal: छठ महापर्व से पहले वरुणा नदी के घाटों पर फैली गंदगी और बदहाल व्यवस्था को लेकर नवभारत की खबर का असर देखने को मिला।
खबर में समस्या उजागर होने के बाद राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल शनिवार को कचहरी स्थित शास्त्री घाट पहुंचे और सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
खास बात यह रही कि मंत्री केवल घाटों का निरीक्षण कर वापस नहीं लौटे, बल्कि वरुणा नदी में सफाई कार्य में लगी मशीन पर सवार होकर नदी के भीतर तक पहुंचे और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
इसके बाद नदी के किनारे से लेकर पानी के अंदर तक सफाई कार्य कराने के लिए मशीनों को लगाया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले नदी और घाटों की सफाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
छठ पूजा के मद्देनजर वरुणा नदी के शास्त्री घाट पर महिलाओं और श्रद्धालुओं के लिए वेदियां तैयार की जा रही थीं, लेकिन नदी में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं ने तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए थे।
नवभारत ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए श्रद्धालुओं की परेशानी और नदी की बदहाल स्थिति को सामने रखा था।
निरीक्षण के दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आवागमन और नदी के भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
सफाई अभियान पर रहेगी नजर
उन्होंने यह भी कहा कि नदी में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं दुरुस्त करें।
अब सवाल यह है कि जिस वरुणा नदी की बदहाली छठ पूजा से ठीक पहले सामने आई, वहां सफाई अभियान कितनी दूर तक पहुंचता है और क्या श्रद्धालुओं को वास्तव में स्वच्छ घाट और सुरक्षित पूजा स्थल मिल पाएगा।