जलाभिषेक को जा रहे चार युवकों को कार ने मारी टक्कर; एक की मौत, दो घंटे में ट्रेस हुई दुर्घटना में शामिल वाहन

Varanasi Road Accident: वाराणसी के चौबेपुर में मार्कण्डेय महादेव जलाभिषेक को जा रहे चार युवकों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत और तीन घायल हुए। पुलिस ने दो घंटे में वाहन ट्रेस किया।
Choubeypur Road Accident: Car Traced Within Two Hours, One Dead and Three Injured
कार एक्सीडेंट(सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Choubeypur Road Accident: मार्कण्डेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए गंगाजल लेकर जा रहे चार युवक सोमवार सुबह चौबेपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हो गए। गाजीपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर परिधि हॉस्पिटल के पास हुए हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल युवकों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल समुचित उपचार के लिए भेजा। इसके साथ ही पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को ट्रेस करने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

आज सुबह सात बजे पुलिस को मिली सड़क दुर्घटना की सूचना

जानकारी के अनुसार सोमवार 17 अगस्त 2026 को सुबह करीब सात बजे पुलिस को परिधि हॉस्पिटल के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की स्थिति का जायजा लेने के साथ घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था कराई, जिससे घायलों को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।

मार्कण्डेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे युवक

हादसे में घायल युवकों की पहचान विनीत तिवारी (21 वर्ष), आशीष चौधरी (23 वर्ष), रितेश पासी (22 वर्ष) और सागर सोनकर (23 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों वाराणसी के कालभैरव थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। चारों युवक मार्कण्डेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक कलश में करीब 151 लीटर गंगाजल लेकर मार्कण्डेय महादेव की ओर जा रहे थे। मंदिर से करीब नौ किलोमीटर पहले गाजीपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौबेपुर स्थित परिधि हॉस्पिटल के पास वे रुके। बताया गया कि डिवाइडर के बीच में रुककर आराम करने के बाद युवक गंगाजल लेकर सड़क के पश्चिमी हिस्से की ओर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

Choubeypur Road Accident: Car Traced Within Two Hours, One Dead and Three Injured
उज्जैन : करंट की अफवाह से नागचंद्रेश्वर दर्शन की कतार में मची भगदड़, अफरा-तफरी में कई श्रद्धालु घायल

सड़क पार करते समय कार ने मारी टक्कर

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे से पहले युवक चाय की दुकान के सामने सड़क पर रुके थे। दुकानदार द्वारा कथित रूप से मादक पदार्थ का सेवन करने से मना किए जाने के बावजूद वे नहीं माने। इसी बीच सड़क पार करते समय कार की चपेट में आने से चारों युवक घायल हो गए।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा की तत्परता के चलते घायलों को तत्काल डीडीयू चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। इलाज के दौरान विनीत तिवारी की मृत्यु हो गई। वहीं अन्य तीन घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

दो घंटे की मेहनत में ट्रेस किया वाहन

हादसे के बाद प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने सड़क मार्ग और टोल प्लाजा से संबंधित सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। करीब दो घंटे की लगातार मेहनत और तत्पर कार्रवाई के बाद पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त कार UP 53 ES 9368 को ट्रेस कर लिया।

पुलिस द्वारा टोल प्लाजा से कार से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त की गई है। फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे में एक युवक की मौत से जलाभिषेक के लिए निकले परिवार और साथियों में शोक की स्थिति है। वहीं हादसे के बाद चौबेपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर उपचार मिलने और महज दो घंटे में दुर्घटना में शामिल वाहन को ट्रेस किए जाने की बात सामने आई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com