मुरैना के जौरा में स्कूल के लिए निकलीं चार नाबालिग छात्राएं लापता, 24 घंटे बाद सूरत में मिलीं, पुलिस टीम रवाना

Morena Crime News : मुरैना के जौरा में स्कूल के लिए निकलीं चार नाबालिग छात्राएं लापता हो गईं। 24 घंटे बाद चारों सूरत रेलवे स्टेशन पर मिलीं, पुलिस टीम उन्हें वापस लाने रवाना हुई।
Four Minor Schoolgirls From Jaura Found at Surat Railway Station
छात्राओं के लापता होने से परेशान परिजन(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Morena Missing Girls : मुरैना के जौरा क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं चार नाबालिग छात्राओं के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। चारों छात्राएं स्कूल पहुंचने के बजाय कहीं और चली गईं और देर शाम तक घर नहीं लौटीं। परिजनों की सूचना पर जौरा पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। करीब 24 घंटे बाद चारों छात्राओं के गुजरात के सूरत रेलवे स्टेशन पर मिलने की जानकारी सामने आई। फिलहाल छात्राएं सूरत जीआरपी की निगरानी में हैं और उन्हें वापस लाने के लिए जौरा पुलिस की टीम सूरत रवाना हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, जौरा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में रहने वाली 10वीं और 11वीं कक्षा की चार छात्राएं 15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने-अपने घरों से निकली थीं। हालांकि चारों छात्राएं स्कूल नहीं पहुंचीं। दोपहर तक जब वे घर भी नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिवारों ने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिला।

मंदिर के पास आखिरी बार साथ दिखीं

तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि चारों छात्राएं रामआसरे माता मंदिर तक साथ दिखाई दी थीं। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। काफी तलाश के बाद जब छात्राएं नहीं मिलीं तो परिजनों ने शाम को जौरा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। एक साथ चार नाबालिग छात्राओं के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने खंगाले CCTV फुटेज

पुलिस ने छात्राओं की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। इसके बाद छात्राओं के संभावित रास्तों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने रातभर कई स्थानों पर तलाश की और छात्राओं के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसी दौरान रविवार दोपहर पुलिस को चारों छात्राओं के सूरत रेलवे स्टेशन पर पहुंचने की जानकारी मिली।

सूरत रेलवे स्टेशन पर मिलीं चारों छात्राएं

चारों छात्राओं के सूरत रेलवे स्टेशन पर मिलने की जानकारी सामने आते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। सूरत जीआरपी ने चारों किशोरियों को अपनी निगरानी में ले लिया है। उनकी सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल उन्हें जीआरपी की निगरानी में रखा गया है। छात्राओं को वापस मुरैना लाने के लिए जौरा पुलिस की टीम सूरत के लिए रवाना हो गई है।

जौरा से सूरत तक कैसे पहुंचीं, पुलिस करेगी जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चारों छात्राएं जौरा से सूरत तक कैसे पहुंचीं। उनके पास यात्रा के लिए किस तरह की व्यवस्था थी और रास्ते में उनके संपर्क में कौन-कौन लोग आए, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी। छात्राओं के वापस आने के बाद पुलिस उनके बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाएगी।

Four Minor Schoolgirls From Jaura Found at Surat Railway Station
72 घंटे पानी में बैठा किसान, जमीन बचाने की जंग में मचा हड़कंप, कलेक्टर ने खत्म कराया जल सत्याग्रह

सीएसपी ने कहा- छात्राओं से पूछताछ के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

मुरैना सीएसपी दीपाली चंदौलिया ने बताया कि जौरा में चार छात्राओं के घर से स्कूल के लिए निकलने के बाद लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। कई स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले गए। रविवार को चारों छात्राओं के सूरत रेलवे स्टेशन पर मिलने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि छात्राओं को वापस लाने के लिए पुलिस टीम सूरत रवाना हो गई है। उनके लौटने के बाद पूछताछ की जाएगी और इसी के आधार पर स्पष्ट होगा कि चारों छात्राएं जौरा से सूरत तक कैसे पहुंचीं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com