
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले महिलाओं और बेटियों को लुभाने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी की भविष्य की रणनीति और योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने अपनी पत्नी और SP सांसद डिंपल यादव की भूमिका के बारे में भी अहम संकेत दिए।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के बीच घमासान बढ़ता जा रहा है। सहारनपुर में अखिलेश यादव की एक रैली को रद्द कर दिया गया है। वैसे तो कहा जा रहा है कि खराब मौसम के कारण रैली को रद्द किया जा रहा है।
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद से राम मंदिर सुर्खियों में बना हुआ है। इस दौरान राम मंदिर से चढ़ावे को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक महिला ने अपने बैंक अकाउंट में मौजूद रकम से कई गुना ज्यादा रकम राम मंदिर को भेंट कर दी है। इस मामले के सामने आते ही आस्था से खिलवाड़ की बातें सामने आ रही है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट)-2026 का परिणाम बुधवार देर शाम जारी कर दिया। परीक्षा में प्राथमिक स्तर पर 80.07 प्रतिशत और उच्च प्राथमिक स्तर पर 71.85 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
यूपी के कानपुर में दर्दनाक हादसे में ट्रेनी विमान क्रैश हो गया। क्रैश होते ही विमान ग्वालटोली थाना क्षेत्र के ग्राम नत्थापुरवा में गंगा किनारे खेतों में गिरा जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीण पहुंच गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल और पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ घटनास्थल को सुरक्षित करके राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक अगर कोई यूपी का नागरिक नेपाल में फंसा है या उसे किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो उसके परिजन तत्काल 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।
मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-9 पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लालकुआं-राजकोट स्पेशल ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री का पैर अचानक फिसल गया और वह चलती ट्रेन के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया।
दिल्ली में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों की आमद वाले आगरा में भी एहतियात बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने ताजमहल और फतेहपुर सीकरी स्थित डिस्पेंसरी को अलर्ट करते हुए वहां संदिग्ध मरीज मिलने पर तत्काल स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए हैं।
थाना गोविंद नगर क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के सामने स्थित एक होटल में नाबालिगों को कमरा उपलब्ध कराने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस की छापेमारी के दौरान होटल से करीब 16 और 17 वर्ष की दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया।
अलीगढ़-आगरा रोड पर गुरुवार सुबह रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सिसोदिया ढाबे से पहले ओवरटेक करने के दौरान रोडवेज बस आगे चल रहे अज्ञात ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत 18 यात्री घायल हो गए।