

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद से राम मंदिर सुर्खियों में बना हुआ है। इस दौरान राम मंदिर से चढ़ावे को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक महिला ने अपने बैंक अकाउंट में मौजूद रकम से कई गुना ज्यादा रकम राम मंदिर को भेंट कर दी है। इस मामले के सामने आते ही आस्था से खिलवाड़ की बातें सामने आ रही है।
अयोध्या राम मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन और अन्य सुविधाओं के लिए एक महिला ने 4 करोड़ का चेक दान में दिया। यह महिला तमिलनाडु की रहने वाली है, जिसका नाम एस. नाग लक्ष्मी बताया जा रहा है। एस. नाग लक्ष्मी के बारे में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि उसके खाते में इतनी रकम ही नहीं है कि वह यह रकम दान कर सके।
इस तरह से उस महिला ने भक्तों की आस्था से तो खिलवाड़ किया ही है साथ ही भगवान को भी छला है। महिला के दान की चर्चा जब चारों ओर फैल गई तो बैंक से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि जिस खाते से चार करोड़ रुपए का चेक जारी किया गया है, उसमें इसके भुगतान के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं है। उसमें 10 रुपये ही जमा हैं।
इस चेक को आस्था के नाम पर खिलवाड़ करना माना जा रहा है। हालांकि, इसी अयोध्या राम मंदिर में जब चढ़ावे की चोरी होती है तो उसके सामने इसे ज्यादा नहीं आंका जा सकता। ऐसे में यह बताना मुश्किल है कि यह भक्तों की आस्था से खिलवाड़ है या चढ़ावा चोरी करने वालों की आस्था से खिलवाड़ है।
इस चेक का क्लियरेंस अभी बाकी है। बैंकिंग प्रक्रिया के अनुसार किसी बड़े मूल्य के चेक को खाते से भुगतान के लिए प्रस्तुत किए जाने के बाद बैंक निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसकी जांच और क्लियरिंग करता है।
ऐसे में चार करोड़ रुपए के इस चेक की वास्तविक स्थिति और भुगतान तभी स्पष्ट होगा, जब बैंक की क्लियरिंग प्रक्रिया पूरी होगी। फिलहाल बैंक सूत्रों से सामने आए इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए यह स्पष्ट होना बाकी है कि चेक वास्तव में क्लियर होता है या नहीं।