

UPTET Primary Result 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट)-2026 का परिणाम बुधवार देर शाम जारी कर दिया। परीक्षा में प्राथमिक स्तर पर 80.07 प्रतिशत और उच्च प्राथमिक स्तर पर 71.85 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच तक के लिए आयोजित परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। इस तरह प्राथमिक स्तर पर परीक्षा का सफलता प्रतिशत 80.07 रहा। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा में कुल 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 7,59,513 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। उच्च प्राथमिक स्तर का सफलता प्रतिशत 71.85 रहा।
यूपीटेट में शामिल कार्यरत शिक्षकों का परिणाम भी उल्लेखनीय रहा। प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल कुल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 प्रतिशत सफल हुए। इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी में शामिल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 प्रतिशत शिक्षक सफल घोषित किए गए। इनमें बड़ी संख्या ऐसे शिक्षकों की रही, जिन्होंने दोनों स्तरों की टीईटी में हिस्सा लिया था।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के निर्देशन में विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत यूपीटेट की परीक्षा दो, तीन और चार जुलाई को तीन दिनों में पांच पालियों में कराई गई थी। परीक्षा के लिए प्रदेश के 60 जनपदों में 955 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में ऐसे शिक्षक भी शामिल हुए थे, जो बिना टीईटी उत्तीर्ण किए नियुक्त हुए थे। उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में नौकरी बचाए रखने के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना आवश्यक था।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार, परीक्षा में पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या करीब 19,94,661 थी। अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए तीन दिनों में पांच पालियों में परीक्षा कराई गई। अलग-अलग पालियों में प्रश्नपत्रों के स्तर में संभावित अंतर को ध्यान में रखते हुए तुलनात्मक मूल्यांकन की नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाकर परिणाम तैयार किया गया।
अभ्यर्थी अपना परिणाम उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं। परिणाम जारी होने के साथ ही सफल अभ्यर्थियों के लिए शिक्षक भर्ती की आगामी प्रक्रिया में शामिल होने का रास्ता भी साफ हो गया है।