
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शहरी करदाताओं के लिए आर्थिक राहत का माध्यम बन रही है। ओटीएस योजना के तहत स्वीकृत 29292 लाभार्थियों को अब तक कुल 31.06 करोड़ रुपये की सरचार्ज एवं ब्याज में छूट दी गई है। इससे प्रत्येक लाभार्थी को औसतन लगभग 12655 रुपये की आर्थिक बचत हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें उत्तर प्रदेश के एनसीआर से जुड़े नोएडा, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर समेत आठ जिलों में वायु प्रदूषण की रोकथाम के उपायों और कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सहायक उपकरण योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा पर निशाना साधा और प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने दीयों की होड़ पर भी सवाल उठाए। डूसू चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश में भी चुनाव कराने की मांग की।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सफर करने वालों के लिए अहम खबर है। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित ‘प्रेरणा विमर्श 2026’ कार्यक्रम को देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने 20 सितंबर के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सीएम योगी समेत कई VIP के आगमन को देखते हुए सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी कारागार से चौंकाने वाली खबर आमने आई है। जेल से एक महिला बंदी के HIV पॉजिटिव आने की सूचना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। 21 जून को बाराबंकी पुलिस ने नशे के कारोबार और देह व्यापार में लिप्त 3 महिला समेत चार आरोपियों को जेल भेजा था।
कानपुर के ग्राम बरी में सरकारी जमीन पर कथित कब्जे के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने बड़ा बुलडोजर एक्शन किया है। KDA की टीम ने मौके पर बनी पूरी बाउंड्री वॉल और उसके भीतर किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने जमीन को कब्जे से मुक्त कराने का दावा किया है।
कौशाम्बी की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल के बैंक खाते से करीब 1.55 लाख रुपये की अनधिकृत निकासी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच फोन पे और यूपीआई के जरिए कई बार में यह रकम निकाली गई। विधायक की ओर से धूमनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र के एक होटल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।इस वायरल वीडियो में युवतियों की दबंगई दिखाई दे रही है।वायरल वीडियो में दो युवतियां एक युवक के कपड़े उतार कर उसको जंजीर से बांधकर मारती हुई दिख रही है वहीं उनका एक साथी इस पूरी दबंगई का वीडियो बना रहा है।
आगरा के थाना एकता क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान महिला और उसकी मां के साथ सड़क पर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर महिला के साथ खुलेआम मारपीट करता नजर आ रहा है।