Noida Traffic Advisory: 20 सितंबर को सुबह 7 से रात 10 बजे तक डायवर्जन, एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री

Noida Expressway Diversion: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 20 सितंबर को प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम के चलते सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
Noida Traffic Advisory
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 20 सितंबर को 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगासोर्स-IANS
Published on
Updated on

Greater Noida Prerna Vimarsh 2026: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सफर करने वालों के लिए अहम खबर है। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित ‘प्रेरणा विमर्श 2026’ कार्यक्रम को देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने 20 सितंबर के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वीआईपी के आगमन को देखते हुए सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी, जबकि एंबुलेंस, फायर सर्विस, दूध, फल और सब्जी जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट दी गई है।

20 सितंबर को एक्सप्रेसवे पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

कार्यक्रम में वीआईपी और अतिविशिष्ट व्यक्तियों के आवागमन तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 20 सितंबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन किया जाएगा।

इस दौरान भारी मालवाहक वाहन, मध्यम मालवाहक वाहन और हल्के मालवाहक वाहन का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि दूध, सब्जी, फल जैसी आवश्यक वस्तुओं तथा चिकित्सा संबंधी वाहनों को नो-एंट्री के नियमों से छूट दी जाएगी।

चिल्ला और डीएनडी से आने वाले वाहनों के बदले रूट

यातायात पुलिस के मुताबिक, चिल्ला रेड लाइट और महामाया फ्लाईओवर की ओर से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते परीचौक/जीरो प्वाइंट जाने वाले वाहनों को डीएनडी फ्लाईओवर से पहले रजनीगंधा की ओर जाने वाले कट से डायवर्ट किया जाएगा।

वाहन रजनीगंधा चौक, सेक्टर-18, सेक्टर-37 अंडरपास और भंगेल एलिवेटेड मार्ग से होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की तरफ जा सकेंगे। डीएनडी टोल और फिल्मसिटी की ओर से आने वाले यातायात को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद सेक्टर-18 अंडरपास से एलिवेटेड मार्ग होते हुए वाहन अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

कालिंदी कुंज और सेक्टर-37 के मार्ग बदले

वहीं, कालिंदी कुंज और सेक्टर-37 की तरफ से परीचौक/जीरो प्वाइंट जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड, हाजीपुर, सेक्टर-93, एल्डिको चौक और एनएसईजेड तिराहा होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर भेजा जाएगा।

हाजीपुर और सेक्टर-82 की ओर से एक्सप्रेसवे के रास्ते परीचौक जाने वाले वाहनों को सेक्टर-93 कट से सेक्टर-93/92 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन फेस-2 और डीएससी मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

परीचौक से नोएडा की तरफ जाने बाले मार्ग में बदलाव

परीचौक से नोएडा की ओर आने वाले वाहनों को एक्सप्रेसवे के बजाय सूरजपुर तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड मार्ग के जरिए नोएडा की ओर आया जा सकेगा। यमुना एक्सप्रेसवे से जीरो प्वाइंट उतरकर नोएडा की तरफ आने वाले वाहनों को परीचौक की ओर भेजा जाएगा।

इसके बाद वाहन सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। हिंडन कट तथा सेक्टर-151/152 की ओर से आने वाले वाहनों को सेक्टर-132 से उतारकर जेनिसिस ग्लोबल स्कूल गोलचक्कर, डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर से दाहिने टर्न कर हाजीपुर चौक की ओर भेजा जाएगा। यहां से विश्वकर्मा मार्ग के जरिए सेक्टर-98, 100 और 104 की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी।

मेडिकल और आवश्यक सेवाओं को मिलेगी छूट

इसी तरह सेक्टर-168/132 की ओर से आने वाला यातायात सेक्टर-128 से उतरकर डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर होते हुए हाजीपुर चौक पहुंचेगा।

इसके बाद विश्वकर्मा मार्ग से सेक्टर-98, 100 और 104 की ओर जा सकेगा। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान आपातकालीन वाहनों, मेडिकल वाहनों और फायर सर्विस को सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा।

Noida Traffic Advisory
Noida Fire: सेक्टर-63 की गारमेंट फैक्ट्री में भीषण आग, चौथी मंजिल से उठीं लपटें; 8 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे 20 सितंबर को निर्धारित समय के दौरान अनावश्यक रूप से एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

यातायात संबंधी किसी परेशानी की स्थिति में वाहन चालक यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में होगा कार्यक्रम

गौरतलब है कि गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में इस वर्ष 'उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान' थीम पर प्रेरणा विमर्श का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में युवा, महिला सशक्तीकरण, तकनीक, मीडिया और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। आयोजन में करीब 5,000 युवाओं के बैठने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com