

Chail MLA Pooja Pal Cyber Fraud: कौशाम्बी की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल के बैंक खाते से करीब 1.55 लाख रुपये की अनधिकृत निकासी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच फोन पे और यूपीआई के जरिए कई बार में यह रकम निकाली गई।
मामले की जानकारी होने के बाद विधायक की ओर से प्रयागराज के धूमनगंज थाने में अज्ञात साइबर अपराधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विधायक की शिकायत के अनुसार, उनके बैंक खाते से 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच कई अनधिकृत UPI लेनदेन हुए। इन लेनदेन के माध्यम से कुल करीब 1.55 लाख रुपये खाते से निकल गए। 14 सितंबर को बैंक खाते का विवरण देखने पर अनधिकृत निकासी की जानकारी हुई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
शिकायत में विधायक ने आशंका जताई है कि उनके मोबाइल फोन में किसी तरह अनधिकृत प्रवेश किया गया। इसके बाद फोन पे और यूपीआई के माध्यम से खाते से रकम निकाली गई। उन्होंने मोबाइल में मौजूद व्यक्तिगत और महत्वपूर्ण डेटा तक भी अनधिकृत पहुंच बनाए जाने अथवा उसके दुरुपयोग की आशंका जताई है। विधायक की ओर से संदिग्ध UPI लेनदेन की तकनीकी जांच और रकम की रिकवरी की मांग की गई है।
धूमनगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ साइबर अपराध का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। जांच में बैंक खाते से हुए लेनदेन, यूपीआई ट्रांजैक्शन और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है, ताकि रकम निकालने वाले व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल, पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाते से रकम किस तरीके से निकाली गई और मोबाइल या यूपीआई तक अनधिकृत पहुंच कैसे बनी।