
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
यूपी की राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 को लैंडिंग से ठीक पहले गो-अराउंड करना पड़ा। एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली से आ रही लखनऊ आ रही थी। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इसी फ्लाइट में सवार थे। बताया जा रहा है कि पहली बार लैंडिंग के दौरान विमान का एप्रोच अनस्टेबल हो गया था जिसके कारण पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लैंडिंग रोक दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या दौरे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिकाओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मानदेय बढ़ाने का एलान किया।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता मोहसिन रजा को प्रदेश के अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग में मोहसिन रजा समेत कुल 9 नियुक्तियां हुई हैं। सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आयोग के सभी का सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कलक्ट्रेट परिसर में स्थित पुरानी मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर प्रदेश में काफी विरोध हुआ। इस बीच राज्य में एक और मस्जिद पर प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में है। मुरादाबाद जिले में सरकारी जमीन पर बने धार्मिक भवन को लेकर प्रशासन की तरफ से कार्रवाई शुरू हो गई है। जिले में दिल्ली रोड पर पाकबड़ा थाना क्षेत्र में लगभग तीन सौ वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर मस्जिद बनी है। इसे एमडीए ने अवैध निर्माण माना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी का मतलब अप यानी ‘अल्टीमेट पोटेंशियल’ है। उत्तर प्रदेश के पास विरासत, हुनर, मानव संसाधन, उद्योग, उद्यमिता और देश का सबसे बड़ा बाजार है। दुनिया की सबसे युवा वर्कफोर्स भी हमारे पास है। अब इसी ताकत के सहारे उत्तर प्रदेश को ग्लोबल टेक्सटाइल हब बनाना है। हमारा लक्ष्य फाइबर से यार्न, यार्न से फैब्रिक, फैब्रिक से गारमेंट और गारमेंट से ब्रांड होते हुए ग्लोबल मार्केट तक पूरी वैल्यू चेन प्रदेश में विकसित करने का है।
वाराणसी की विशेष SC/ST अदालत ने गवाही देने के लिए दो बार बुलाए जाने के बावजूद कोर्ट में उपस्थित नहीं होने पर कौशांबी में तैनात CO ट्रैफिक सत्येंद्र प्रसाद तिवारी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर 10 सितंबर को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है। साथ ही अग्रिम आदेश तक उनका वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं।
यूपी बोर्ड ने राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों की प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद कई जिलों में ऑनलाइन हाजिरी की स्थिति बेहद खराब मिलने पर बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा में सामने आया कि प्रयागराज समेत 33 जिलों में ऑनलाइन उपस्थिति 10 प्रतिशत से भी कम है।
अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने पटाखा फैक्ट्री संचालक नौशाद के बिजनेस पार्टनर शोएब को पिपरी के काठ गांव से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि शोएब, नौशाद के साथ मिलकर पटाखों के कारोबार में सक्रिय था और तमिलनाडु से पटाखे व हापुड़ से बारूद मंगाकर ऊंचे दामों पर बेचता था।
थाना अछनेरा क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब अज्ञात चोरों ने एक हनुमान मंदिर को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात चोर मंदिर के पीछे लगे जंगले को काटकर दानपात्र उखाड़कर अपने साथ ले गए। मंदिर के महंत के मुताबिक दानपात्र में एक लाख रुपये से अधिक की रकम होने की बात सामने आई है।
कभी लव-जेहाद, कभी जेहाद लैंड तो कभी अवैध मस्जिद और मदरसों को ध्वस्त करने की मांग करने वाले अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही लगातार हिंदुत्व की आवाज उठाते रहे हैं। इस बार उन्होंने योगी सरकार से सहारनपुर की तरह मेरठ में भी बनी अवैध मस्जिदों और मदरसों को ध्वज करने की मांग की है।