

CM Yogi Relief Package: यूपी में बीते 24 घंटे में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। लगभग 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश से जनहानि, पशुहानि समेत कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर पीड़ितों की मदद और मुआवजा जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जिलों को हर तीन घंटे में स्थिति का अपडेट देने के लिए कहा गया है।
यूपी के बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई, उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल हानि की जानकारी सामने आई है। वहीं, खराब मौसम की वजह से काफी संख्या में मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के डीएम को राहत कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए कहा है। साथ ही निर्देश दिया है कि मुआवजा राशि, बचाव अभियान समेत अन्य कार्यों को सोशल मीडिया पर अपडेट किया जाए। सभी जिलों को हर 3 घंटे में स्थिति का अपडेट भेजने के लिए भी कहा गया है।
राज्य में धूल भरी आंधी के कारण हुई क्षति और कई लोगों की मौत पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, यह एक दुखद घटना है, यह एक प्राकृतिक आपदा है। तत्काल निर्देश दिए गए हैं कि जहां कहीं भी जान-माल का नुकसान हुआ है, वहां फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण किया जाए, और अधिकारियों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने काफी नुकसान किया है। कई जगह बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए जबकि कई जगह कच्चे घर जमींदोज हो गए। घरों की दीवारें गिरने की भी कई घटनाएं हुई है। प्रदेश के कई जिलों में इस आंधी-तूफान के कारण कई लोगों की मौत हो गई। प्रदेश में कई जगह आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हुई हैं।
अब तक प्राप्त सूचना के मुताबिक उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में मौसम के कहर से प्रयागराज में 21, भदोही में 18, प्रतापगढ़ में 4, मिर्जापुर में 15, फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6, बरेली में 4, सीतापुर में 2, रायबरेली और चंदौली में 2-2, कानपुर देहात में 2, हरदोई और संभल में 2-2, कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर में भी 1-1 लोगों की जान गई है।
बुधवार शाम को यूपी में भीषण बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली से अब तक 101 लोगों की मौत की जानकारी मिली है। साथ ही 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।