सांकेतिक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Free Ration Scheme: उत्तर प्रदेश में मुफ्त राशन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां वेरिफिकेशन में 10.71 लाख राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए हैं। जिसमें 71 हजार महिलाएं भी शामिल हैं जो विवाहित होने के बावजूद खुद को विधवा दिखाकर इस योजना का लाभ ले रही थीं।
इतना ही नहीं, सूबे में पांच एकड़ से ज्यादा जमीन वाले 7.50 लाख किसान और 2.50 लाख आयकरदाता भी मुफ्त राशन योजना का लाभ ले रहे थे। खाद्य एवं रसद विभाग ने इन सभी के राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं। अब इनकी जगह शून्य गरीबी उन्मूलन अभियान के तहत चिन्हित परिवारों को मुफ्त राशन का लाभ दिया जा रहा है।
प्रदेश में वर्तमान में 3.61 करोड़ राशन कार्डधारक हैं। इनमें अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति परिवार 35 किलो और पात्र गृहस्थी कार्ड पर परिवार के प्रत्येक सदस्य को पांच किलो राशन दिया जा रहा है।
हाल ही में तत्कालीन मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने अपात्र राशन कार्डधारकों को चिन्हित कर उनके स्थान पर शून्य गरीबी उन्मूलन अभियान के तहत चिन्हित परिवारों के कार्ड बनाने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद विभाग ने सत्यापन के लिए अभियान चलाया। विभाग ने ई-केवाईसी, आधार-सीडिंग और अन्य तकनीकी सत्यापन की मदद से ऐसे फर्जी लाभार्थियों की पहचान की और कार्रवाई की।
भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए आयकर, पीएम किसान सम्मान निधि आदि के आंकड़ों का भी इस्तेमाल किया गया। इसके बाद विधवा के रूप में पंजीकृत विवाहित महिलाओं, आयकरदाताओं और अपात्र किसानों की पहचान की गई। इससे पहले भी विभाग 9.58 लाख अपात्र लोगों के कार्ड निरस्त कर चुका है।
यह भी पढ़ें: अब्बास अंसारी की विधायकी बहाल होने पर खुश हुए योगी सरकार के मंत्री, कहा- हमें तो पहले ही पता था
पात्र लोगों को बाहर करने के बाद, विभाग ने शून्य गरीबी अभियान के तहत चिन्हित दो लाख से अधिक परिवारों के पात्र गृहस्थी और अंत्योदय राशन कार्ड बनाए हैं। अन्य परिवारों को भी राशन कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, जिन महिलाओं के राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं, वे निराश्रित विधवा पेंशन योजना का भी लाभ ले रही थीं। फर्जीवाड़ा करने के बाद उनकी पेंशन भी रोक दी गई है।
खाद्य एवं रसद आयुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने बताया कि वेरिफिकेशन में अपात्र पाए जाने पर राशन कार्ड निरस्त कर गए हैं। इसके साथ ही विभाग कार्डों पर दर्ज प्रत्येक यूनिट की आधार सीडिंग करवा रहा है। यह कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जिससे आगे चलकर ऐसा कुछ न हो सके।