यूपी उपचुनाव के लिए दाखिल हुआ पहला नामांकन, तेज प्रताप यादव ने करहल से भरा पर्चा

उत्तर-प्रदेश में उपचुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। अभी एक तरफ भाजपा ने उम्मीदवारों का ऐलान भी नहीं किया तो दूसरी तरफ सपा की ओर से पहला पर्चा दाखिल कर दिया गया है।
यूपी उपचुनाव के लिए करहल से तेज प्रताप यादव ने भरा पर्चा
तेज प्रताप यादव के नामांकन में पहुंचे सपा नेता (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

लखनऊ: उत्तर-प्रदेश में उपचुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। अभी एक तरफ भाजपा ने उम्मीदवारों का ऐलान भी नहीं किया तो दूसरी तरफ सपा की ओर से पहला पर्चा दाखिल कर दिया गया है। सोमवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव की मौजूदगी में करहल सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप सिंह यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मैनपुरी से पार्टी सांसद डिंपल यादव व अन्य नेताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे यादव ने निर्वाचन अधिकारी को अपना नामांकन पत्र सौंपा। सपा प्रत्याशी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी को पर्चा देकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, सांसद डिंपल यादव मौजूद रहे।

बता दें कि करहल विधानसभा सीट से नामांकन के साथ ही सोमवार को सपा ने प्रदेश की 9 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में अपना पहला नामांकन दाखिल करना शुरू कर दिया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी मर्जी के अधिकारी नियुक्त किए हैं। भाजपा किसी को न्याय नहीं दे सकती। भाजपा ने बहराइच में जानबूझकर दंगे कराए। चुनावी फायदे के लिए दंगे कराए गए।

बीजेपी पर अखिलेश का वार

अखिलेश ने कहा कि करहल की जनता सपा को ही चुनेगी। यहां की जनता ने हमेशा साथ दिया है। करहल सीट पर तेजप्रताप सिंह ऐतिहासिक मतों से जीतेंगे। करहल और मैनपुरी की जनता ने हमेशा नेताजी का साथ दिया है। यहां की जनता ने हमेशा समाजवादी को चुना है। पहले से ज्यादा लोग समर्थन देंगे और परिणाम काफी अलग होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उपचुनाव में करहल सीट से किसे मैदान में उतारा जाए, इसको लेकर भाजपा परेशान है।

सीएम योगी पर भी निशाना

कन्नौज सांसद ने आगे कहा कि भाजपा को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का डर है। पीडीए परिवार के लोग सबसे ज्यादा भेदभाव के शिकार हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान पर कि बांटोगे तो कट जाओगे, अखिलेश ने कहा कि वह पीडीए और सपा के बारे में यह कह रहे हैं। एकजुट होकर चुनाव में समाजवादियों को भारी मतों से विजयी बनाएं।

बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कन्नौज से सांसद चुने जाने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने के कारण करहल सीट खाली हुई है। इसके साथ ही प्रदेश की अन्य 8 सीटों पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि करहल की जनता से उनका गहरा रिश्ता है और वह उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com