लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने हाल में हुए उपचुनाव में करहल विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक तेज प्रताप सिंह (यादव) को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई। उप्र विधानसभा की नौ सीट के लिए हाल में हुए उपचुनावों के परिणाम 23 नवंबर को आए थे, जिसमें सात सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल को जीत मिली, जबकि दो सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) को जीत हासिल हुई।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन में कहा कि उपचुनाव में निर्वाचित आठ विधायकों की शपथ पहले ही दिलाई जा चुकी है। इसके बाद उन्होंने सपा के तेज प्रताप को शपथ दिलाई। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कन्नौज से सांसद चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से रिक्त हुई करहल विधानसभा सीट से उनके भतीजे तेजप्रताप सिंह चुनाव जीते। अध्यक्ष महाना ने उपचुनाव में निर्वाचित विधायकों का सदन से परिचय कराया।
देश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
तेज प्रताप सिंह यादव सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बड़े भाई रतन सिंह यादव के पोते हैं। तेज प्रताप के पिता रणवीर सिंह यादव सैफई महोत्सव के संस्थापक रहे हैं। साल 2002 में रणवीर सिंह यादव का निधन होने के बाद तेज प्रताप ने उनकी कमान संभाली। 21 नवंबर 1987 को जन्मे तेज प्रताप सिंह यादव दिल्ली के डीपीएस यानी दिल्ली पब्लिक स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की है। इसके बाद 2005 में उन्होंने 12वीं की परीक्षा पास की। 2018 में नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी से उन्होंने बीकाम की पढ़ाई की। इसके बाद 2009 में लंदन की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए किया।
तेज प्रताप की मां मृदुला यादव सैफई से ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। तेज प्रताप साल 2014 में मैनपुरी लोकसभा से उपचुनाव में पहली बार सांसद चुने गए थे। मैनपुरी लोकसभा सीट की जिम्मेदारी यादव परिवार से उन्हीं के कंधों पर है। तेज प्रताप सिंह यादव की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पुत्री राज लक्ष्मी यादव से साल 2015 में हुई थी। शादी में उन्हें आशीर्वाद देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पहुंचे थे।