संगम की रेती पर गूंजेगा हर-हर गंगे: प्रयागराज में माघ मेले की सुरक्षा के लिए अस्थायी पुलिस लाइन का भूमि पूजन

Prayagraj Magh Mela 2027 Preparation: लोक निर्माण विभाग ने पुराने जीटी मार्ग पर पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर आठ पीपा पुलिया बनाने का काम भी चल रहा है।
Prayagraj Magh Mela 2027
प्रयागराज माघ मेला 2027(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 14 जनवरी से शुरू होगा आस्था का महापर्व, पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने किया पुलिस लाइन का भूमि पूजन

  • 925 हेक्टेयर में बसेगा मेला, सात की जगह होंगे आठ सेक्टर

  • माघ मेले में इस बार करीब 23 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

Magh Mela 2027 Security Arrangements: तीर्थराज प्रयाग में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर लगने वाले माघ मेले की तैयारियां अब धरातल पर नजर आने लगी हैं। मकर संक्रांति से शुरू होने वाले आस्था के इस महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में मेला क्षेत्र में अस्थायी पुलिस लाइन स्थापित करने के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया भी कार्यक्रम में शामिल हुए। भूमि पूजन के बाद अब पुलिस लाइन के निर्माण का काम शुरू होगा। यहां मेले के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों के ठहरने, प्रशासनिक गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था के संचालन की व्यवस्था विकसित की जाएगी।

आठ सेक्टरों में बसेगा माघ मेला, नौ पांटून पुल बनाए जाएंगे

इस बार माघ मेला करीब 900 से 925 हेक्टेयर क्षेत्रफल में आठ सेक्टरों में बसाने की योजना है। पिछले आयोजन में सात सेक्टर थे। श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए नौ पांटून पुल तैयार किए जाएंगे।

लोक निर्माण विभाग ने पुराने जीटी मार्ग पर पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर आठ पीपा पुलिया बनाने का काम भी चल रहा है। स्नानार्थियों की सुविधा के लिए घाटों की संख्या बढ़ाकर 35 करने की योजना है।

Prayagraj Magh Mela 2027
माघ मेला 2027: संगम की रेती पर शुरू होगा कल्पवास; 15 जनवरी से 45 दिन तक संगम तट पर चलेगा धार्मिक आयोजन

23 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान, सुरक्षा का होगा व्यापक इंतजाम

माघ मेले में इस बार करीब 23 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसी संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया गया है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत करीब 2800 नागरिक पुलिसकर्मी, 250 महिला पुलिसकर्मी और 500 यातायात पुलिसकर्मी तैनात होंगे।

इसके अलावा 16 साइबर सहायता केंद्र और 16 महिला सहायता केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है। जल पुलिस, गोताखोर, घुड़सवार पुलिस और अग्निशमन इकाइयां भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगी।

बिजली, पानी, सफाई और यातायात पर विशेष जोर

मेला क्षेत्र को रोशन करने के लिए 23,120 बिजली के खंभे, 67 अस्थायी सब स्टेशन और 27,500 एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्ययोजना है। पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, जल निकासी और सड़क निर्माण के कार्य भी कराए जा रहे हैं।

मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने सभी विभागों को निर्माण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य 20 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। दिसंबर के पहले सप्ताह में गंगा पूजन के लिए अस्थायी तैरती जेट्टी बनाने की भी तैयारी है।

माघ मेले का समापन छह मार्च 2027 को महाशिवरात्रि के स्नान पर्व के साथ प्रस्तावित है। मकर संक्रांति, पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या, वसंत पंचमी और माघी पूर्णिमा जैसे प्रमुख स्नान पर्वों पर करोड़ों श्रद्धालुओं के संगम में डुबकी लगाने की संभावना है।

ऐसे में प्रशासन के सामने समय से निर्माण कार्य पूरा करने के साथ भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित स्नान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बड़ी चुनौती होगी।

Prayagraj Magh Mela 2027
माघ मेले का होगा विस्तार; 925 हेक्टेयर में बसेगा मेला, आठ सेक्टर और 1152 CCTV कैमरों से होगी निगरानी